श्रमिकों को उत्तम श्रमिक और साहित्य पुरस्कार से किया गया सम्मानित

भोपाल

हर व्यक्ति में कुछ न कुछ हुनर अवश्य होता है, हुनर को पहचानकर उसे तराशना एवं प्रोत्साहन देना बहुत आवश्यक है। पलाश होटल में मध्यप्रदेश श्रम कल्याण मण्डल के श्रमिकों के सम्मान कार्यक्रम को श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने संबोधित करते हुए कहा। मंत्री सिंह ने 15 श्रमिकों को उत्तम श्रमिक पुरस्कार और 10 श्रमिकों को साहित्य पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम होते रहना चाहिए और श्रमिकों को बढ़ावा देने के लिए श्रम कल्याण मण्डल द्वारा एक मंथन कार्यक्रम भी आयोजित किया जाना चाहिए, जिसमें प्रदेश के श्रमिकों के लिए और क्या किया जा सकता है, इस पर विचार हो।

श्रम मंत्री सिंह ने कहा कि शासन की योजनाओं की समीक्षा होनी चाहिए, जिससे योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ सभी श्रमिकों को मिल सकें। उन्होंने कहा कि जहाँ भी श्रमिकों को जरूरत महसूस हो वहाँ उन्हें सही समय पर मदद मिलना चाहिए। मंत्री सिंह ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी श्रमिकों को शुभकामनाएँ दी।

कार्यक्रम में उप सचिव श्रम एवं कल्याण आयुक्त वेदप्रकाश ने कहा कि साहित्य का जीवन में बहुत महत्वपूर्ण स्थान है। जो श्रमिक अपने कार्य के साथ साहित्य सृजन कर रहें हैं। वे बधाई के पात्र हैं। कार्यक्रम में भा.म. संघ के प्रदेश महामंत्री एवं चयन समिति के सदस्य मधुकर सावले, इंटक के अध्यक्ष आर.डी. त्रिपाठी, चयन समिति के सदस्य एवं साहित्यकार पंकज चतुर्वेदी, उप श्रमायुक्त एल.पी. पाठक उपस्थित थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *