यूपी में बिजली के 21 हजार स्‍मार्ट मीटर खराब, लखनऊ-मेरठ में सबसे बुरा हाल, कब खत्‍म होगा गड़बड़झाला

लखनऊ

उत्‍तर प्रदेश में उपभोक्ताओं के घर लगे बिजली के 12 लाख स्मार्ट मीटर में से 20925 मीटर में खराबी की शिकायतें हैं। सिर्फ मेरठ और लखनऊ शहर से ही चार-चार हजार से अधिक स्मार्ट मीटर के खराब होने की रिपोर्ट है। इतनी बड़ी संख्या में स्मार्ट मीटर में गड़बड़ी सामने आने के बाद उपभोक्ताओं के घरों पर लगे सभी स्मार्ट मीटरों की गुणवत्ता पर फिर से सवाल खड़े हो गए हैं।

स्मार्ट मीटरों में खराबी की शिकायतों की यह खबर उस समय आई हैं, जब पावर कारपोरेशन राज्य में और 28 लाख स्मार्ट मीटर लगाने की तैयारी कर रहा है। 28 लाख स्मार्ट मीटरों को लगाने के आदेश में कारपोरेशन ने यह शर्त जरूर शामिल की है कि जो भी मीटर लगेंगे वह 4जी तकनीक के होंगे।

बता दें कि पावर कारपोरेशन ने राज्य में 40 लाख स्मार्ट मीटर लगाने का काम एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड को दिया था जिसमें से 12 लाख लगाए जा चुके हैं, शेष 28 लाख अब लगाए जाने हैं।

स्मार्ट मीटर निर्माता के खिलाफ कार्रवाई की मांग
राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश वर्मा ने प्रदेश सरकार और पावर कारपोरेशन से मांग की है कि प्रदेश में लगे 12 लाख स्मार्ट मीटर में से 1.8 फीसदी स्मार्ट मीटर में खराबी आई है, लिहाजा मीटर निर्माता कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। स्मार्ट मीटर में भार जंपिंग और मीटर के तेज चलने की शिकायतों से प्रबंधन पहले से ही वाकिफ है। पावर कारपोरेशन उपभोक्ताओं को यह बताए कि मीटर निर्माता कंपनी जीनस, जेन और आईटीआई के खिलाफ क्या कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *