बबीता फोगाट ने प्रियंका गांधी पर कसा तंज, बोलीं- 50 की उम्र में पता चला कि वह लड़की हैं..

आगरा
अंतर्राष्ट्रीय रेसलर बबीता फोगाट ने ताजनगरी आगरा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा व समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। बबीता फोगाट ने प्रियंका गांधी वाड्रा के नारे 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' पर निशाना साधते हुए कहा, '50 साल की उम्र में आकर उन्हें पता चला है कि वह लड़की हैं और लड़ सकती हैं।' यह बात सुनकर हंसी आती है।
दरअसल, बबीता फोगाट मंगलवार 23 नवंबर को आगरा जिले में भाजपा युवा मोर्चा द्वारा आयोजित युवोत्थान कार्यक्रम में शामिल होने आईं थी। इस दौरान उन्होंने कहा कि तीनों कृषि कानून वापस लेने के बाद भी जो किसान नेता आंदोलन पर अड़े हैं उनके गुप्त एजेंडे हैं। सरकार किसानों के साथ है। किसान जो चाहते थे, वह सरकार ने कर दिया, लेकिन अब किसान नेता अपनी राजनीति चमका रहे हैं। कहा कि किसानों के हित से ऐसे लोगों को कोई मतलब नहीं होता है। ऐसे लोग सर्फ चेहरा चमकाते हैं।
बबीता फोगाट ने कहा कि कृषि बिल वापस लेने से देश विरोधी ताकतों के मंसूबे फेल हुए हैं। किसानों द्वारा जो आंदोलन कृषि कानूनों के खिलाफ शुरू किया गया था उसे खत्म कर देना चाहिए। इस दौरान बबीता फोगाट ने कहा कि आपको (प्रियंका गांधी) किसने रोका है, मैदान में आइए और लड़िये लेकिन बाहर की लड़ाई लड़ने से पहले आपको अपने घर की लड़ाई को जीतना होगा क्योंकि आपके भाई राहुल गांधी ही आपको चुनाव में लड़ने नहीं दे रहे हैं। अगर आप किसी तरह चुनावी मैदान में उतर भी आई तो आपको मैदान ही छोड़ना पड़ेगा।
 उन्होंने युवोत्थान पर कहा कि युवाओं को प्रेरित किया जा रहा है। युवा देश का भविष्य हैं। डा. आंबेडकर विवि के खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में आयोजित युवोत्थान कार्यक्रम में उनके साथ भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी भी आए। इस दौरान सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि प्रदेश में चार साल में नया स्वरूप, विकास की नई रूपरेखा और स्वाभिमान का नया अभियान शुरू हुआ है। केंद्र और प्रदेश की सरकारें विकास की राजनीति कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *