मध्य प्रदेश: पत्नी को तोहफे में दिया ‘ताजमहल’

बुरहानपुर
अक्सर लोग अपनी पत्नी और प्रेमिका को ताजमहल देने का वादा करते हैं। लेकिन मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में एक शख्स ने वाकई ऐसा कर दिखाया। इस शख्स ने ताजमहल के जैसा दिखने वाला घर बनवाकर अपनी पत्नी को तोहफे में दे दिया। इस शख्स का यह अनोखा घर अब इंटरनेट पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है।

बनवाने से पहले देखने गए थे ताजमहल
आनंद प्रकाश चौकसे मध्य प्रदश के बुरहानपुर के रहने वाले हैं। आनंद पेशे से शिक्षक हैं। उन्होंने अपनी पत्नी मंजूषा चौकसे के लिए चार बेडरूम वाला यह अनोखा मकान बनवाया है। यह यूनीक घर बनवाने से पहले पति-पत्नी ताजमहल देखने आगरा भी गए थे। इस दौरान वह अपने साथ इंजीनियर की टीम भी ले गए थे। यहां पर उन्होंने प्रेम की इस निशानी के आर्किटेक्चर को गौर से देखा और इंजीनियरों से इसकी बारीकियों को नोट करने के लिए कहा।

ताजमहल की थ्रीडी इमेज पर तैयार
शुरुआत में आनंद चौकसे ने इंजीनियरों से 80 फीट की ऊंचाई वाला घर बनाने के लिए कहा था। लेकिन इसके लिए उन्हें प्रशासनिक अनुमति नहीं मिल सकी। उन्होंने ताजमहल जैसा घर बनाने का फैसला किया। आनंद ने बताया कि इंजीनियरों ने यह घर ताजमहल की थ्रीडी इमेज के आधार पर तैयार किया है। इस घर को बनाने में कुल तीन साल से ज्यादा का वक्त लगा है। इस घर को बनाने वाले इंजीनियरों ने ताजमहल के साथ-साथ औरंगाबाद में इसी डिजाइन पर बने बीवी का मकबरा की भी स्टडी की थी।

अब टूरिस्ट्स के आने की उम्मीद
आनंद चौकसे को उम्मीद है कि बुरहानपुर आने वाले टूरिस्ट उनके घर को देखने जरूर आएंगे। इस घर को बनाने वाले कंसल्टिंग इंजीनियर प्रवीण चौकसे के मुताबिक यह घर कुल 90 स्क्वॉयर मीटर में फैला हुआ है। हालांकि बेसिक स्ट्रक्चर केवल 60 स्क्वॉयर मीटर में ही है। बिल्डिंग के गुंबद 29 फीट ऊंचे हैं। घर डबल स्टोरी है और कुल चार बेडरूम हैं। वहीं किचन के अलावा इसमें लाइब्रेरी और मेडिटेशन रूम भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *