अखिलेश पर जेपी नड्डा का बड़ा हमला, बोले-जल्‍द ही आपकी टोपी भी लाल से केसरिया होने वाली है

गोरखपुर
यूपी में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर दलों के बीच रंगों को लेकर भी एक-दूसरे पर खूब वार किए जा रहे हैं। हाल ही में सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा को एक रंग की पार्टी बताते हुए तंज कसा था तो आज भाजपा अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने नाम लिए बगैर अखिलेश पर बड़ा हमला किया। उन्‍होंने कहा कि-'जल्‍द ही आपकी टोपी भी लाल से केसरिया होने वाली है। इसकी आपको चिंता करनी चाहिए।'  गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में बीजेपी के बूथ अध्‍यक्षों के सम्‍मलेन को सम्‍बोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कोरोना वैक्‍सीन को बीजेपी की वैक्‍सीन बताने को लेकर अखिलेश पर जमकर वार किया। उन्‍होंने कहा, 'जब मोदी जी कह रहे थे कि मैं तुम्हें एक नहीं दो वैक्सीन दे रहा हूं, तब यहां के नेता कह रहे थे कि ये BJP की वैक्सीन है, ये मोदी की वैक्सीन है..अब किसकी वैक्सीन लगा के घूम रहे हो? तुमको भी मोदी वैक्सीन लगी है।' उन्‍होंने कहा कि देश के साथ गलत करने वाले ऐसे लोगों को सबक सिखाने का अवसर चुनाव में आता है और जनता उन्‍हें सबक जरूर सिखाएगी। मोदी और योगी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए नड्डा ने कहा कि देश में कोरोना का पहला मरीज जनवरी 2020 में मिला था। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने अप्रैल 2020 में ही हाईपॉवर कमेटी बना दी। नौ महीने में ही देश में एक नहीं दो-दो स्‍वदेशी टीके उपलब्‍ध हो गए। आज 116 करोड़ लोगों को टीके लगाए जा चुके हैं। 14.54 करोड़ लोगों को टीकाकरण के साथ यूपी इस मामले में देश का सबसे बड़ा राज्‍य बन चुका है। आज न सिर्फ देशवासियों को ये टीके लगे हैं बल्कि हमने दुनिया की मदद की है। उन्‍होंने कहा कि पूर्वांचल में जापानी इंसेफेलाइटिस हर साल सैकड़ों बच्‍चों की जान लेती थी। इसका टीका 1930 में ही दुनिया में आ चुका था लेकिन भारत में 2006-07 में तब आया जब योगी जी ने बतौर सांसद इसे संसद में उठाया। टिटनेस का टीका भी दुनिया में 1924-25 में ही आ चुका था। जबकि भारत में 1948 में आया और राष्‍ट्रीय स्‍वास्‍थ्‍य कार्यक्रम में 1978 में शामिल किया गया। 

हम प्रजातंत्र वादी, वे परिवारवादी
भाजपा अध्‍यक्ष ने अपनी पार्टी को प्रजातंत्र वादी बताते हुए समाजवादी पार्टी को परिवारवादी पार्टी बताया। उन्‍होंने कहा कि हमारे लिए राष्‍ट्र सब कुछ है जबकि उनके लिए वंशवाद ही सबकुछ है। सीएम योगी की सरकार के कामों की तारीफ करते हुए उन्‍होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश और देश को तरक्‍की के रास्‍ते पर ले जा रही है। हमने कोरोना काल में किसी को भूखा नहीं रहने दिया। उन्‍होंने बताया कि अगले जनवरी महीने में पीएम नरेन्‍द्र मोदी एम्‍स का उद्घाटन करेंगे। उन्‍होंने सिद्धार्थनगर, बस्‍ती, कुशीनगर में भी मेडिकल कालेज हो जाएगा। कुशीनगर को इंटरनेशनल एयरपोर्ट मिल जाएगा। उन्‍होंने कहा कि एक बदलता उत्‍तर प्रदेश और बदलता भारत हम देख रहे हैं। 

सीएम योगी बोले-हर हालात में हमने विकास किया
इस मौके पर सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि स्थितियां जैसी भी हों भाजपा सरकार ने हमेशा विकास का काम किया है। गोरखपुर की धरती शहीद मंगल पांडे, पंडित राम प्रसाद बिस्मिल की धरती है। साल 2022 में यूपी में होने वाला विधानसभा चुनाव देश-दुनिया के आकर्षण का केंद्र बन रहा है। सबसे बड़ी आबादी का प्रदेश और उसका चुनाव सबको आकर्षित करने वाला है। एक तरफ देश की शान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जेपी नड्डा हैं तो दूसरी तरफ जिन्नावादी हैं जो देश की अस्मिता लूटने वाले हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो कहा है वह करके दिखाया है। जो आजादी के बाद नामुमकिन था, वो पीएम मोदी ने मुमकिन बना दिया। कार्यक्रम में राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, प्रदेश अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी शामिल रहे। 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *