वैक्सीनेशन को प्रोत्साहित करने लकी ड्रा शुरू करा सकती सरकार

   नई दिल्ली

देश में कोरोना के खिलाफ जारी जंग में जोर वैक्सीनेशन पर है. वैक्सीनेशन की रफ्तार बढ़ी है, वैक्सीन की उपलब्धता भी है, लेकिन कई इलाके ऐसे हैं जहां अब भी वैक्सीनेशन रफ्तार नहीं पकड़ सका है. सरकार इन इलाकों में वैक्सीनेशन की गति बढ़ाने और लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए नई पहल करने पर विचार कर रही है.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक वैक्सीनेशन की रफ्तार बढ़ाने के लिए सरकार साप्ताहिक या मासिक लकी ड्रा शुरू करा सकती है. पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि वैक्सीनेशन के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने की रणनीति पर काम किया जा रहा है. वैक्सीन की दोनों डोज लगवा चुके लोगों के लिए लकी ड्रा पर विचार किया जा रहा है जिससे लोग वैक्सीनेशन को लेकर प्रोत्साहित होंगे.

लकी ड्रा के जरिए पूरी तरह वैक्सीनेटेड लोगों को किचन से संबंधित उपकरण, राशन किट, यात्रा के पास, नकद पुरस्कार दिए जा सकते हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय पूरी तरह वैक्सीनेटेड कर्मचारियों वाले संस्थानों को लेकर भी कदम उठाने पर चर्चा कर रहा है.  राज्य और केंद्र शासित प्रदेश इसे लेकर जल्द ही सुझाव दे सकते हैं.

वैक्सीनेशन के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए संस्थानों को भी प्रोत्साहित करने के उपाय पर सरकार विचार कर रही है. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक किसी को एम्बेस्डर बनाया जा सकता है और हर घर दस्तक अभियान भी शुरू किया जा सकता है. अधिकारियों के मुताबिक देश की करीब 82 फीसदी आबादी को वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है.

देश की करीब 43 फीसदी आबादी पूरी तरह वैक्सीनेट हो चुकी है. 12 करोड़ से अधिक लोग ऐसे भी हैं, जिनकी दूसरी डोज में विलंब हो रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *