सीएम कल रामनगर में जनजातीय गौरव कार्यक्रम में होंगे शामिल
भोपाल
जनजातीय गौरव दिवस के समापन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 22 नवम्बर को मंडला जाएंगे। सीएम चौहान कल दोपहर एक बजे मंडला के पुलिस ग्राउंड पर बनाए गए हेलीपेड पहुंचेंगे एवं वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा रामनगर के लिए प्रस्थान करेंगे। वहां उच्चतर माध्यमिक शाला परिसर रामनगर में सीएम चौहान मंडला, सिवनी, बालाघाट, डिंडोरी जिलों को आदिवासी नागरिकों को संबोधित करेंगे। इसके बाद भोपाल रवाना होंगे।
सीएम के कार्यक्रम के दौरान रामनगर में केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, मंत्री बिसाहूलाल सिंह, मीना सिंह, राज्य सभा सदस्य संपतिया उइके, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ओपी धुर्वे समेत अन्य भाजपा नेता मौजूद रहेंगे। प्रभारी मंत्री बिसाहूलाल और केंद्रीय मंत्री कुलस्ते दो दिन पहले ही मंडला पहुंच गए हैं और रामनगर की सभा की तैयारियों में जुटे हैं। गौरतलब है कि 15 नवम्बर को भोपाल में जनजातीय गौरव दिवस बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया गया है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए थे। इस गौरव दिवस का समापन केंद्र सरकार के फैसले के मुताबिक 22 नवम्बर को होगा।
