हत्या कर पानी की टंकी पर चढ़े आरोपी, आवाज देकर कहा- हमने किया मर्डर

रायपुर
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में दिनदहाड़े धारदार हथियार से हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने अपराध स्वीकार करने का अजीब तरीका अपनाया। गांव में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गए और जोर-जोर से आवाज देकर कहने लगे हमने भागवत का मर्डर किया है। पानी टंकी पर आरोपियों ने हथियार के साथ अपना वीडियो बनाया और दूसरे ग्रुपों में शेयर भी कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची। दोनों को पानी टंकी से नीचे उतरने को कहा, लेकिन वे नहीं उतरे। आरोपी मीडिया को बुलाने की जिद पर अड़ गए। सूचना पर कुछ मीडिया से जुड़े लोग पहुंचे तब आरोपी टंकी से उतरे। आरोपियों ने मीडिया से बात कर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। हत्या का यह पूरा मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम तुस्मा का है। जमीन मामले को लेकर दो युवकों सोहित कुमार केंवट और सुनील कुमार केंवट ने गांव के ही पंच भागवत साहू की दिनदहाड़े हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों आरोपी पानी की टंकी पर चढ़ गए और बैठे रहे। पुलिस पहुंची तब भी वे नहीं उतरे। सूचना पर कुछ मीडियाकर्मी पहुंचे तब आरोपी उतरे। आरोपियों ने मीडियो को बताया कि उसकी जमीन को पंच भागवत साहू ने किसी के पास फंसा दिया है। 33 लाख रुपए में सौदा हुआ है, लेकिन हमें पैसे नहीं मिले हैं। दो साल से पैसे के लिए भागवत घुमा रहा है। परेशान होकर हमने हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। गांव में हमारा किसी से कोई विवाद नहीं है। 

मीडिया के सामने स्वीकार किया अपराध 
शिवरीनारायण थाना पुलिस ने बताया कि पंच भागवत साहू की रक्त रंजित लाश मिली है। सोहित कुमार केंवट और सुनील कुमार केंवट ने जमीन विवाद में हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। दोनों सगे भाई हैं। हत्या के बाद आरोपी गांव की पानी टंकी में चढ़ गए थे। मीडिया के सामने ही उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार किया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है। इधर तुस्मा गांव में हुए हत्या के इस वारदात से लोग दहशत में आ गए। हथियार लिए युवकों को देखकर कई लोगों ने अपने घर का दरवाजा भी बंद कर लिया था। पुलिस के पहुंचने के बाद ही कुछ ग्रामीण सामने आए।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *