मुजफ्फरपुर में पुलिस टीम पर हमला, रायफल छीनने का प्रयास, सीओ, SHO समेत 6 घायल

मुजफ्फरपुर
मुजफ्फरपुर जिले के कथैया थाना के सघनपुरा गांव में शनिवार को सरकारी जमीन से कब्जा हटाने गई अंचल व पुलिस की टीम पर अतिक्रमणकारियों ने हमला बोल दिया। ईंट-पत्थर बरसाने लगे। अंचल कार्यालय की गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिसकर्मियों से रायफल छीनने का प्रयास किया। हमले में एक गृहरक्षक गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जबकि सीओ, थानाध्यक्ष समेत छह कर्मी आंशिक रूप से चोटिल हो गए। अतिक्रमणकारियों का आक्रोश देखकर टीम ने वहां से भागकर जान बचाई। इस संबंध में सीओ अरविंद कुमार अजित ने हरदी के पैक्स अध्यक्ष समेत 19 को नामजद और दो सौ अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार रजक ने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उच्च न्यायालय के निर्देश पर सीओ के नेतृत्व में कथैया पुलिस शाम चार बजे गांव पहुंची थी। दशकों से सड़क किनारे तीन एकड़ नब्बे डिसमिल सरकारी भूमि पर पक्का निर्माण, बथान व मड़ई बनाकर रह रहे अतिक्रमणकारियों को माइकिंग से कब्जा खाली करने की चेतावनी। सामानों को हटा लेने के लिए कहा। नहीं मानने पर प्रशासन जेसीबी से अतिक्रमण हटाने लगा। अतिक्रमणकारियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। अतिक्रमण खाली कराने के बाद जैसे ही पुलिस टीम गाड़ी में बैठी, ईट-पत्थरों से हमला कर दिया। इससे अंचल गार्ड रामयश पांडे गंभीर रूप से जख्मी हो गया। सीओ अरविंद कुमार अजित, थानाध्यक्ष संतोष कुमार रजक, सीआई अश्विनी कुमार समेत आधा दर्जन पुलिस कर्मी चोटिल हो गए। सभी का इलाज पीएचसी में कराया गया। उल्लेखनीय है कि गांव के संजय सहनी ने अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी।

पैक्स अध्यक्ष के साथ मिलकर ग्रामीणों ने बोला हमला
एफआईआर में बताया गया है कि हाई कोर्ट के निर्देश पर सीओ अरविंद कुमार अजित गांव में अतिक्रमित सरकारी भूमि को खाली कराने कथैया पुलिस के साथ गए थे, जहां हरदी पैक्स अध्यक्ष रामप्रवेश सहनी व मनोज सहनी ग्रामीणों के साथ मिलकर विरोध करने लगे। माइकिंग कर हाई कोर्ट के आदेश का हवाला देकर जमीन खाली करने के लिए कहा जा रहा था। इस बीच पैक्स अध्यक्ष रामप्रवेश सहनी ने ग्रामीणों के साथ सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए हमला बोल दिया। ईट-पत्थर बरसाने लगे। पुलिसकर्मियों की रायफल छीनने का प्रयास किया। प्रशासन की सूझबूझ से सभी की जान बची। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *