पटना के निजी अस्पतालों में रोज़ पहुंच रहे 100 से 125 मरीज, बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक हो रहे शिकार

पटना 
पटना में डेंगू महामारी का रूप लेने लगा है। पटना सिटी से लेकर दानापुर-फुलवारीशरीफ, दीघा और जक्कनपुर-खेमनीचक में डेंगू का प्रकोप ज्यादा है। बांकीपुर अंचल का तो कोई भी हिस्सा इसके प्रकोप से अछूता नहीं बचा है। राजधानी के कंकड़बाग, पटना सिटी, राजेंद्रनगर, दीघा, इंद्रपुरी, पुनाईचक, राजेंद्रनगर, महेंद्रू, भिखना पहाड़़ी, जीएम रोड, नया टोला, कदमकुआं, चित्रगुप्त नगर, भागवत नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, सरिस्ताबाद, बहादुरपुर हाउसिंग कॉलोनी, भूतनाथ रोड, रामनगरी, शास्त्रीनगर, पटेलनगर, राजा बाजार, बुद्धा कॉलोनी समेत तीन दर्जन से अधिक मोहल्लों में डेंगू का प्रकोप फैला है। यहां के कई घरों में परिवार के कई सदस्य डेंगू संक्रमित पाए जा रहे हैं। बावजूद इसके सिविल सर्जन कार्यालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार राजधानी में डेंगू पीड़ितों की संख्या तीन सौ से भी कम है। सरकारी आंकड़े के अनुसार पटना में कुल संक्रमितों की संख्या 285 हो चुकी है। वहीं अगर सरकारी-निजी अस्पतालों व चिकित्सकों के क्लीनिकों में देखें तो यहां प्रतिदिन औसतन 100 से 125 डेंगू संक्रमित मरीज पहुंच रहे हैं। वहीं निजी जांच लैबों में भी बुखार पीड़ितों की जांच रिपोर्ट में लगभग एक चौथाई डेंगू पॉजिटिव आ रहे हैं। पटना के बड़े निजी अस्पतालों से लेकर छोटे क्लीनिकों में ऐसे मरीज पहुंच रहे हैं। संक्रमित में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं। अलग-अलग निजी अस्पतालों की पड़ताल करने पर डेंगू की भयावहता सामने आई है।

पारस अस्पताल में पांच भर्ती
पारस अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन औसत आठ से 10 डेंगू संक्रमित मेडिसिन ओपीडी में पहुंच रहे हैं। अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. तलत हलीम ने बताया कि कुल पांच लोग डेंगू से गंभीर होकर भर्ती हैं। उनका इलाज चल रहा हे। सभी खतरे से बाहर हैं।   

सरोज अस्पताल कंकड़बाग में आठ बच्चे भर्ती
बहादुरपुर हाउसिंग कॉलोनी की नीलम देवी अपने आठ वर्षीय पुत्र अथर्व को लेकर कंकड़बाग के सरोज अस्पताल में पहुंची थीं। वहां उनका पुत्र जांच में डेंगू पॉजिटिव मिला। वहां के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनील कुमार ने उसका इलाज किया। डॉक्टर ने बताया कि प्रतिदिन उनके अस्पताल में औसत आठ से 10 बुखार पीड़ित बच्चे डेंगू पॉजिटिव आ रहे हैं। अस्पताल में आठ से 10 बच्चे भर्ती भी हैं। हालांकि अभी तक डेंगू से किसी की जान नहीं गई है। 

मेडिवर्सल :  प्रतिदिन पहुंच रहे पांच से छह डेंगू संक्रमित 
मेडिवर्सल अस्पताल कंकड़बाग की ओपीडी में प्रतिदिन पांच से छह मरीज डेंगू से संक्रमित होकर ओपीडी में इलाज कराने पहुंच रहे हैं। कुछ दिन पहले यहां दो-तीन डेंगू संक्रमित भर्ती थे, लेकिन वे सभी स्वस्थ होकर डिस्चार्ज कर दिए हैं। अभी कोई डेंगू संक्रमित यहां भर्ती नहीं है। 

मेदांता : ओपीडी में तीन से चार डेंगू संक्रमित
हाल ही में शुरू हुए मेदांता अस्पताल में भी अब कुछ डेंगू संक्रमित पहुंचने लगे हैं। यहां मेडिसिन के वरीय चिकित्सक डॉ. संजीव छपड़िया ने बताया कि औसत तीन से चार डेंगू संक्रमित इलाज कराने अस्पताल पहुंच रहे हैं। अभी यहां कोई मरीज भर्ती नहीं है। 

रूबन में इक्के-दुक्के संक्रमित पहुंच रहे, कोई भर्ती नहीं 
पाटलिपुत्रा स्थित रूबन अस्पताल की ओपीडी में भी इक्के-दुक्के मरीज पहुंच रहे हैं। अस्पताल के जीएम डॉ. सत्यजीत कुमार सिंह ने बताया कि दो दिन पहले तीन भर्ती डेंगू पीड़ितों को डिस्चार्ज किया गया है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार डेंगू का प्रकोप काफी कम होने से मरीजों की संख्या कम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *