रिकांगपिओ में एडीएम का पद किया जाएगा सृजित : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 

रिकांगपिओ
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि रिकांगपिओ मुख्यालय में जिला प्रशासन को कार्य का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है, इसके समाधान के लिए बहुत जल्द अतिरिक्त एडीएम का पद सृजित किया जाएगा। उन्होंने सीएचसी भावानगर को सिविल अस्पताल में अपग्रेड करने की घोषणा भी की। किन्नौर जिला के एक दिवसीय दौरे के दौरान शनिवार को रिकांगपिओ पहुंचकर मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय ठाकुर सेन नेगी म्यूजियम का शुभारंभ किया। उन्होंने रिकांगपिओ चौक से अग्निशमन विभाग के दो फायर वाटर टेंडर को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने खेल मैदान रिकांगपिओ में नृत्य प्रतियोगिता व क्राफ्ट मेले में जनजातीय कलाकारों की ओर से तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने पूजा के बाद जिले के लिए लगभग 77 करोड़ रुपये की 31 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास किए व पांच दिवसीय मेले का आगाज किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने मुख्यमंत्री का किन्नौर आने पर स्वागत किया व प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी ने मुख्य अतिथि को किन्नौरी टोपी व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। 

खेल मैदान रिकांगपिओ में मौजूद जनता को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कानम पंचायत को पूह तहसील से मोरंग तहसील में जोडऩे की घोषणा की और शोंग के शोभरंग में पीएचसी खोलने, सुंगरा के थांनग में पशु औषधालय, रिकांगपिओ में विद्युत विभाग का एक अतिरिक्त सबडिवीजन बनाने, पानवी स्कूल को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में अपग्रेड करने व सांगला में जल शक्ति विभाग के लिए सब डिवीजन खोलने संबंधित अन्य नई घोषणाएं की। मुख्यमंत्री ने जिला में हो रहे विकास कार्यों की तर्ज पर जिला की जनता को भाजपा सरकार के साथ नजदीकियां बढ़ाने की भी बात कही। मुख्यमंत्री ने जिला के प्रमुख मुद्दों को सुलझाने का आश्वासन दिया। वहीं मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में 250 एलएमपी के दो आक्सीजन संयंत्रों का भी लोकार्पण किया। इस दौरान ङ्क्षप्रसिपल राजस्व व जनजातीय विकास आयुक्त ओंकार शर्मा भी मौजूद रहे।

विकास कार्यों पर भारी पड़ा श्रद्धांजलि के नाम वोट मांगना : नेगी
सूरत नेगी ने कहा कि भाजपा सरकार के चार साल के कार्यकाल में मुख्यमंत्री ने किन्नौर जिला के प्रत्येक पंचायत में सम्मान किया है व जिले को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जा रहा है। स्वर्गीय ठाकुर ङ्क्षसह नेगी के सपनों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंडी लोकसभा उपचुनाव में किन्नौर जिला में श्रद्धांजलि के तौर पर वोट मांगना जिला में हुए विकास कार्यों पर भारी पड़ा है, जबकि 2022 में जिला किन्नौर में विधायक भाजपा का ही होगा।

भावानगर को मिली अग्निशमन चौकी
भावानगर : उपमंडल निचार की 24 पंचायतों की ओर से लंबे समय से की जा रही अग्निशमन केंद्र की मांग को पूरा कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने अग्निशमन विभाग द्वारा खोली जा रही दो नई चौकियों सांगला एवं भावनगर के अग्निशमन वाहनों को हरी झंडी दिखा रवाना किया। वाहन के भावानगर पहुंचने पर कमांडेंट प्रथम वाहिनी किन्नौर कुशाल चंद ने कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। कुशाल चंद ने कहा कि भावानगर अग्निशमन केंद्र में 15 जवान तैनात रहेंगे। जल्द ही यहां दूसरा अग्निशमन वाहन भी तैनात किया जाएगा। उपमंडल में कहीं भी अग्निकांड होने पर 101 व 01786263444 नंबर पर संपर्क करें। इस मौके पर जेएसडब्ल्यू परियोजना सुरक्षा प्रमुख नितिन गुप्ता, ग्राम पंचायत सुंगरा प्रधान राकेश नेगी व वार्ड सदस्य विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *