न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मिशेल मैकलेनाघन बोले – बेमतलब की सीरीज है भारत के साथ 

आकलैंड
न्यूजीलैंड की टीम से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज मिशेल मैकलेनाघन ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रही टी-20 श्रृंखला को ‘अर्थहीन’ करार दिया। भारत लगातार दो टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच जीतकर पहले ही श्रृंखला अपने नाम कर ली है। मैकलेनाघन ने ट्विटर पर एबी डिविलियर्स के संन्यास पर टिप्पणी की जिसके बाद एक क्रिकेट प्रशंसक ने उन्हें न्यूजीलैंड को भारत से टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में मिली हार की याद दिला दी। इस पर मैकलेनाघन ने उत्तर दिया, ‘क्या वे हार गए? आपका मतलब है कि टी-20 विश्व कप के 72 घंटे बाद पांच दिन में तीन मैच खेलने की एक ‘बेमतलब’ की श्रृंखला जिसमें वे ऐसी टीम के साथ खेल रहे हैं जो अपनी घरेलू परिस्थितियों में 10 दिन के आराम के बाद खेल रही है?’

मैकलेनाघन ने न्यूजीलैंड के लिये अंतिम मैच 2018 में खेला था। वह टी-20 विश्व कप के फाइनल में 14 नवंबर को दुबई में ऑस्ट्रेलिया से न्यूजीलैंड को मिली हार का जिक्र कर रहे थे। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की श्रृंखला 17 नवंबर से शुरू हुई।न्यूजीलैंड ने पहला मैच पांच और दूसरा मैच सात विकेट से गंवा दिया। तीसरा मैच रविवार को कोलकाता में खेला जाएगा। 35 वर्षीय मैकलेनाघन ने 2012 में पदार्पण के बाद 48 वनडे और 29 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *