पंचायत चुनाव को लेकर फिर शुरू होगा कर्मचारियों के तबादलों का दौर
भोपाल
राजधानी सहित पूरे प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले मैदानी कर्मचारियों के तबादलों का दौर शुरू हो रहा है। चुनाव आचार संहिता के अनुसार एक ही स्थान पर तीन साल से अधिक समय से पदस्थ कर्मचारियों को हटाया जाना है। गृह जिले में पदस्थ कर्मचारियों के भी तबादले होंगे। राज्य निर्वाचन आयोग के पत्र के बाद पिछले एक सप्ताह से विभिन्न विभागों में ऐसे कर्मचारियों की लिस्ट बनाने का काम चल रहा है, जिन्हें पंचायत चुनाव की गाइड लाइन के अनुसार हटाया जाना है।
बताया जा रहा है कि राजस्व, पुलिस, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, सहकारिता और आबकारी विभाग में ही अभी तक लगभग 1550 कर्मचारियों को चिह्नित किया जा चुका है, जिन्हें जिले में ही इधर से उधर करना है। राजस्व विभाग ने ऐसे लगभग 250 कर्मचारियों की सूची बना ली है। जिन्हें एक ही जगह पर काम करते हुए तीन साल से ज्यादा समय हो चुका है। इनमें तहसीलदार, नायब तहसीलदार और पटवारियों के नाम शामिल हैं। पुलिस मुख्यालय से सभी संभागों के पुलिस महानिरीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की स्थापना शाखा के सूत्रों के मुताबिक इस दायरे में लगभग 750 पुलिसकर्मी आ रहे हैं, जिन्हें हटाया जाना है। उधर, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप यंत्री, सहायक यंत्री से लेकर अन्य पदों पर पदस्थ 300 कर्मचारियों तबादले करने की तैयारी है।
