समर्थन मूल्य का भुगतान किसान के आधार नंबर से लिंक बैंक खातें में ही किया जायेगा
मुरैना
इस वर्ष समर्थन मूल्य का भुगतान किसान के आधार नंबर से लिंक बैंक खाते में ही किया जायेगा। किसान पंजीयन क्रमांक में किसान द्वारा दिये गये मोबाइल नंबर एवं आधार नंबर में दर्ज मोबाइल नंबर भिन्न-भिन्न होने के कारण आधार नंबर का सत्यापन नहीं हो सका है। किसान नजदीक के आधार पंजीयन केन्द्र पर जाकर अपने आधार नंबर में पंजीयन में उल्लेखित मोबाइल नंबर दर्ज करायें।
प्रभारी कलेक्टर नरोत्तम भार्गव ने यह जानकारी देते हुये बताया कि अभी तक मुरैना जिले में 38 हजार 548 किसानों में से 16 नवम्बर 2021 तक 5 हजार 712 किसानों का सत्यापन हो पाया है। मुरैना जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में समर्थन मूल्य पर बाजरा, धान एवं ज्वार विक्रय हेतु पंजीकृत किसानों को सूचित किया जाता है कि वह अपना सही मोबाइल नम्बर, जिस मोबाइल नंबर से आधार नंबर लिंक है, वही मोबाइल नंबर दर्ज पंजीयन में हो तथा आधार नम्बर बैंक खाते से लिंक करवा दिया जाये ताकि भुगतान करने में विलम्ब, कठिनाई न हो और सही समय पर किसान भाईयों का फसल का भुगतान प्राप्त हो सके और किसान भाईयों को आधार लिंक मोबाइल नंबर पर जानकारी, ओटीपी प्राप्त हो सके।
