40वाँ भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला
भोपाल
प्रगति मैदान दिल्ली में चल रहे भारत अंतर्राष्ट्रीय मेले में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने निवेशकों को आकर्षित करने के लिए विज्ञान के साथ सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में निवेश एवं प्रोत्साहन की मध्यप्रदेश की योजनाओं को भी मध्यप्रदेश मंडप में विशेष रुप से प्रदर्शित किया है।
मंडप में मध्यप्रदेश में आईटी, आईटीइएस एवं ईएसडीएम इकाइयों को अपनी इकाई स्थापित करने के लिए प्रदेश के प्रमुख शहरों भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर एवं इंदौर में आईटी पार्कों की स्थापना और लगभग 235 भूखण्डों के आवंटन सहित सभी शहरों में एक लाख वर्गफीट का निर्मित क्षेत्र इकाइयों को अपना व्यवसाय प्रारंभ करने के लिए उपलब्ध कराने की योजना को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। इन निर्मित क्षेत्रों में लगभग 45 इकाइयॉं अपना व्यवसाय सफलतापूर्वक कर रही हैं। इंदौर शहर के सिंहासा क्षेत्र में लगभग 80 हजार वर्गफीट एवं ग्वालियर में लगभग 30 हजार वर्गफीट निर्मित क्षेत्र नई इकाइयों के लिए उपलब्ध हैं।
जबलपुर, भोपाल एवं इंदौर में 5 आईटी, आईटीइएस एवं 10 ईएसडीएम इकाइयों द्वारा आवंटित भू-खण्ड पर भवन निर्माण कर अपना व्यवसाय प्रारंभ किया है। कई इकाइयों के भवन निर्माण का कार्य प्रगति पर है। मध्ययप्रदेश में कार्यरत विभिन्न आईटी, आईटीइएस एवं ईएसडीएम इकाइयों को निवेश प्रोत्साहन राशियों का भुगतान भी किया जाता है। विभाग के प्रमुख सचिव अमित राठौर ने उम्मीद व्यक्त की है कि मध्यप्रदेश की उद्योग मित्र पॉलिसी से आईटी कम्पनियाँ प्रदेश में निवेश करेंगी।
