सामाजिक सुरक्षा पेंशन का पैसा अब एटीएम से निकाल सकेंगे हितग्राही
रायपुर
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत मिलने वाली मासिक पेंशन राशि निकालने में अब हितग्राहियों को निगम मुख्यालय या बैंक के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। हितग्राही अब हर माह अपनी सुविधा के अनुसार एटीएम में जाकर मासिक पेंशन राशि निकाल सकेंगे। दरअसल महापौर एजाज ढेबर ने वीरांगना अवंति बाई लोधी वार्ड-6 के त्रिमूर्तिनगर बस्ती पहुंचे और नगर निगम राजस्व विभाग अध्यक्ष अंजलि राधेश्याम विभार, सामाजिक कार्यकर्ता संजय सोनी, सूरज नायक, देवराज की उपस्थिति में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के पात्र 300 हितग्राहियों को आइडीबीआइ बैंक का एटीएम कार्ड सौंपा।
इस दौरान आइडीबीआइ बैंक के अधिकारियों ने चालू माह की पेंशन राशि मौके पर ही सभी पात्र हितग्राहियों को देते हुए अगले माह से पेंशन राशि उनके बैंक खाते में डाले जाने की जानकारी दी। वार्ड पार्षद एवं एमआइसी सदस्य अंजलि राधेश्याम विभार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के 300 हितग्राहियों को बैंक एटीएम कार्ड प्रदत्त करने की योजना का शुभारंभ करने पर वार्डवासियों की ओर से महापौर एजाज ढेबर को धन्यवाद दिया। इस मौके पर महापौर ढेबर ने कहा कि एटीएम कार्ड मिल जाने से हितग्राहियों को सीधे लाभ मिलेगा।
