छत्‍तीसगढ़ में 84 फीसद को पहला और 42 फीसद को लगे दोनों डोज

 रायपुर
 छत्तीसगढ़ में 84 फीसद लोगों को कोरोनारोधी पहला टीका लग चुका है। वहीं 42 फीसद लोगों को दोनों टीके लगा चुके हैं। यह आंकड़ें राष्ट्रीय औसत से ज्यादा है। राष्ट्रीय स्तर पर यह आंकड़ा क्रमशः 79 फीसद और 37 फीसद है। छत्‍तीसगढ़ में टीकाकरण के लिए पात्र नागरिकों की संख्या एक करोड़ 96 लाख 51 हजार है। इनमें से एक करोड़ 64 लाख 97 हजार 542 लोगों को कोरोना से बचाव के लिए पहला टीका लगाया जा चुका है। वहीं 82 लाख दो हजार 984 लोगों ने दोनों टीके लगवा लिए हैं।

 

सभी पात्र लोगों तक कोरोना वैक्सीन की दोनों खुराक पहुंचाने के लिए छत्‍तीसगढ़ को अभी भी करीब एक करोड़ टीकों की और जरूरत है। मुख्यमंत्री बघेल के पत्र के बाद छत्तीसगढ़ को और टीकों की आपूर्ति के बाद 15 नवंबर की स्थिति में कुल 52 लाख 81 हजार 425 टीकों का स्टॉक है। इनमें कोवैक्सीन की नौ लाख 86 हजार 035 एवं कोविशील्ड की 42 लाख 95 हजार 390 डोज शामिल हैं। कोरोना वैक्सीन के वर्तमान स्टॉक को देखते हुए छत्‍तीसगढ़ को 93 लाख 20 हजार 049 टीकों की और आपूर्ति की जरूरत है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विगत 3 नवंबर को छत्‍तीसगढ़ को एक करोड़ वैक्सीन उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री को पत्र लिखा था। उन्होंने प्रधानमंत्री को अवगत कराया था कि 3 नवंबर की स्थिति में छत्‍तीसगढ़ में पहला डोज लगवा चुके 38 लाख 82 हजार 646 लोगों को दूसरा टीका लगाया जाना बांकी था। उस समय राज्य में 31 लाख 93 हजार 735 टीके ही उपलब्ध थे। इस तरह दूसरे डोज के लिए टीकों की कमी के साथ ही पहला डोज लगाने के लिए कोई टीका उपलब्ध नहीं था।

छत्‍तीसगढ़ में कोरोना टीकाकरण का लक्ष्य जल्द से जल्द हासिल करने के लिए पर्याप्त संख्या में टीकाकरण केंद्र स्थापित किए गए हैं। लगातार त्योहारों के दौर में भी राज्य में पिछले पांच दिनों में सात लाख 32 हजार 088 टीके लगाए गए हैं। छत्‍तीसगढ़ में अभी रोजाना औसत एक लाख 46 हजार 418 लोगों को टीका लगाया जा रहा है। बीते 11 नवंबर को छत्‍तीसगढ़ में दो लाख 23 हजार 991, 12 नवंबर को एक लाख 37 हजार 230, 13 नवंबर को एक लाख 49 हजार 089, 14 नवंबर को 91 हजार 174 और 15 नवंबर को एक लाख 30 हजार 604 टीके लगाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *