क्या बॉलिंग ऑलराउंडर के तौर पर वेंकटेश अय्यर को किया जाएगा तैयार?
नई दिल्ली
हार्दिक पांड्या ने बैक सर्जरी के बाद से जबसे टीम इंडिया में वापसी की है, उनकी गेंदबाजी को लेकर हमेशा चर्चा हुई है। हार्दिक लगातार गेंदबाजी नहीं कर पाए हैं और ऐसे में उनके ऑलराउंडर होने की भूमिका पर सवाल खड़े होने लगे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 इंटरनैशनल सीरीज के लिए हार्दिक टीम में नहीं हैं, जबकि वेंकटेश अय्यर को टीम में जगह मिली है। वेंकटेश को आगे के लिए बॉलिंग ऑलराउंडर के तौर पर तैयार किए जाने को लेकर कप्तान रोहित शर्मा ने अपनी बात रखी।
रोहित शर्मा ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह जानना जरूरी है कि हमें हर खिलाड़ी को तैयार करना है। मुझे बॉलिंग ऑलराउंडर की अहमियत पता है, लेकिन अगर आप बस एक स्पॉट पर नजर रखते हैं, तो मुझे लगता है यह सही नहीं होगा। फ्यूचर के लिए किसी एक स्पॉट पर नजर नहीं होगी। हमें पूरी टीम पर नजर बनाए रखनी होगी और देखना होगा कि कौन सा खिलाड़ी किस रोल के लिए फिट है और टीम के लिए कितना असरदार साबित हो सकता है। इसके लिए जो भी जरूरी होगा हम करेंगे। हम हर खिलाड़ी पर नजर बनाए रखेंगे।' रोहित ने कहा इसके लिए जो खिलाड़ी टीम में हैं, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेल रहे हैं या फिर घर बैठे हैं, हमें सब पर नजर बनाए रखनी होगी और टीम में जरूरत के हिसाब से खिलाड़ी को चुनना होगा।
