मुख्य आर्थिक सलाहकार की रेस में तीन महिलाएं

मुंबई

 

मुख्य आर्थिक सलाहकार (CEA) की तलाश जोर-शोर से चल रही है. क्योंकि मुख्य आर्थिक सलाहकार (CEA) कृष्णमूर्ति सुब्रमण्यम ने पद छोड़ दिया है. उन्होंने 3 साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद शिक्षा जगत में वापस लौटने का फैसला किया है. इनका कार्यकाल 7 दिसंबर को पूरा हो रहा है.

दरअसल, सरकार ने अभी तक अगले सीईए (CEA) के बारे में घोषणा नहीं की है. लेकिन कई नामों पर चर्चा चल रही है. खबर है कि सरकार इस पद पर नियुक्ति के लिए किसी महिला के नाम को प्राथमिकता दे सकती है.

ऐसा होगा पहली बार

अगर कोई महिला CEA बनती हैं तो फिर देश में यह पहली बार होगा जब वित्त मंत्री और मुख्य आर्थिक सलाहकार दोनों महिलाएं होंगी. फिलहाल CEA की दौड़ में तीन महिलाओं के नाम सामने आ रहे हैं.

एजेंसी रिपोर्ट की मानें तो इस रेस में अर्थशास्त्री गीता गोपीनाथ का नाम सामने आ रहा है. गीता गोपीनाथ ने जनवरी-2022 में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की मुख्य अर्थशास्त्री पद छोड़ने का ऐलान किया है. उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में लौटने का फैसला लिया है.

चर्चा में ये नाम

CEA पद के लिए दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स की प्रोफेसर डॉ. पमी दुआ का नाम सामने आ रहा है. पमी दुआ RBI की मौद्रिक नीति समिति की सदस्य थीं. इनकी नियुक्ति साल 2016 में केंद्र सरकार ने 4 वर्षों के लिए की थी. इसके अलावा नेशनल काउंसिल ऑफ एप्लाइड इकोनॉमिक रिसर्च (NCAER) की महानिदेशक पूनम गुप्ता के नाम पर भी चर्चा चल रही है. हालांकि सरकार की तरह से इन नामों पर कोई संकेत नहीं दिए गए हैं.

गौरतलब है कि गीता गोपीनाथ ने पिछले दिनों कोरोना महामारी में भारत की भूमिका को सराहा था. उन्होंने कहा था कि भारत सरकार ने बेहतर तरीके से मुकाबला किया. ऐसे में इनकी दावेदारी मजबूत हो सकती है. हालांकि उनके पास अमेरिका की नागरिकता है.

वहीं प्रधान आर्थिक सलाहकार संजीव सान्याल का नाम भी सामने आ रहा है. संभव है कि बजट से पहले सरकार नए मुख्य आर्थिक सलाहकार के नाम का ऐलान कर दे. लेकिन फिलहाल ये नाम केवल कयास लगाए जा रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *