जनजातीय गौरव दिवस के व्यवस्थित और सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री चौहान ने दी बधाई

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 15 नवम्बर को भोपाल में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न होने पर मंत्रि-परिषद के सदस्यों, जन-प्रतिनिधियों, मुख्य सचिव सहित समस्त प्रशासनिक टीम और स्थानीय प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। आज मंत्रि-परिषद की बैठक के पहले मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भोपाल में संपन्न जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम के सफल और व्यवस्थित आयोजन के लिए मैं अपनी पूरी टीम का आभार व्यक्त करता हूँ। पूरी टीम बधाई की पात्र है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मेरे मंत्री साथियों ने बहुत परिश्रम किया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में राजधानी पधारे जनजातीय वर्ग के समूह के लिए भोपाल में आवास, भोजन और परिवहन की बेहतर व्यवस्थाएँ थी। प्रदेशभर से भोपाल तक आने और वापस जाने के परिवहन के प्रबंध भी बेहतर थे। कार्यक्रम के बाद भोपाल जिला प्रशासन द्वारा जम्बूरी मैदान की अल्प समय में सफाई का कार्य करवा लिया गया। इसके लिए स्थानीय अधिकारी-कर्मचारी भी बधाई के पात्र हैं।

जनजातीय वर्ग का विकास सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने जनजातीय वर्ग के संपूर्ण विकास को प्राथमिकता माना है। जनजातीय वर्ग के साथ ही सभी वर्गों के विकास के लिए भी कार्य-योजना बनाई गई है। जनजातीय गौरव दिवस के माध्यम से जनजातीय वर्ग के विकास का संकल्प लेकर इतिहास रचने का कार्य हुआ है। जनजातीय वर्ग के समग्र कल्याण पर पूरा ध्यान दिया जाएगा।

मंत्रि-परिषद के सदस्यों ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान बधाई के हकदार है। कार्यक्रम अनेक देखे गए हैं, लेकिन इतना व्यवस्थित, अनुशासित और जनजातीय वर्ग के विकास का संदेश देने वाला कार्यक्रम पहले कभी नहीं देखा गया। प्रदेश के जनजातीय वर्ग की ओर से खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने मुख्यमंत्री चौहान का आभार व्यक्त किया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया ने कहा कि स्व-सहायता समूह की महिलाएँ प्रधानमंत्री मोदी से मिलकर गौरवान्वित हुई हैं। लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि कार्यक्रम के पश्चात दो-तीन घंटे में ही ट्रेफिक सामान्य हो गया। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद 2 घण्टे में ही जंबूरी मैदान को स्वच्छ कर दिया गया। जनजातीय गौरव दिवस महासम्मेलन की गूँज अन्य प्रांतों तक पहुँची है। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्मुन सिंह तोमर, सूक्ष्म, मध्यम और लघु उद्यम मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग और अन्य मंत्रियों ने भी मुख्यमंत्री चौहान को उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता और व्यवस्थित कार्यक्रम के लिए बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *