सपा की साइकिल पुलिस को चकमा देकर जगह-जगह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर चली
गाजीपुर आजमगढ़
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर मंगलवार को जगह-जगह सपाई पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर उतरे। आजमगढ़ से गाजीपुर तक सपाइयों के एक्सप्रेस-वे पर उतरने से पुलिस हलकान रही। अखिलेश यादव के कार्यक्रम को इजाजत नहीं मिलने के बाद सोमवार को ही सपा प्रमुख ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर साइकिल लेकर सपाइयों के उतरने की चेतावनी दे दी थी। कई स्थानों पर सपाइयों ने फूल माला चढ़ाकर एक्सप्रेस-वे का सांकेतिक उद्घाटन भी किया। मंगलवार की सुबह प्रधानमंत्री के उद्घाटन से पहले ही समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर फीता काट दिया। अखिलेश यादव ने ट्विटर पर इसकी तस्वीरें भी शेयर कीं। समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष किशन दीक्षित के नेतृत्व में दर्जनभर सपाइयों ने पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर बाकायदा नारियल फोड़कर व फीता काटकर साइकिल यात्रा निकाली। इसकी जानकारी होते ही अधिकारियों ने आनन-फानन में कार्रवाई करते हुए सपाइयों को आजमगढ़ के थाना तहबरपुर पर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
वहीं, आजमगढ़ शहर से सटे सियरहा के पास सुबह 8 बजे पूर्व मंत्री और सदर विधायक दुर्गा यादव, गोपालपुर विधायक नफीस अहमद ने अपने कुछ समर्थकों के साथ कंधे पर साइकिल लेकर एक्सप्रेस वे पर चढ़ गए। इसके बाद कुछ दूर साइकिल चलाते हुए इसका सांकेतिक लोकार्पण कर दिया। इस दौरान दुर्गा यादव ने कहा कि भाजपा के झूठ का घड़ा भर चुका है। समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बहाने जिस तरह से हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम को अनुमति नहीं मिली, वह इस दम्भी सरकार के अहंकार को दिखाता है। नफीस अहमद ने कहा कि अखिलेश यादव ने समाजवादी पूर्वांचल एक्प्रेस-वे की नींव रखी। उसे भाजपा सरकार ने नाम बदलकर पूर्वांचल एक्प्रेस-वे कर दिया। उधर, गाजीपुर में भी सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए सपा नेताओं ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर पुष्पवर्षा कर सांकेतिक उद्घाटन कर दिया। एक्सप्रेसवे पर जाने के लिए पहुंचे सपाइयों को रोकने के लिए पुलिस ने ट्रैक्टर और बैरियर लगाया तो नोकझोंक हो गई। पुलिस को धक्का देकर सपा नेता एक्सप्रेस-वे वे पर चढ़ गए और पूर्वांचल एक्सप्रेस का फीता काटकर फूल बरसाकर सांकेतिक उद्घाटन कर दिया।
