अंतरराज्यीय बस टर्मिनल हुआ शुरू, एक तरफ राहत तो दूसरी तरफ मुसीबत
रायपुर
आखिरकार काफी जद्दोजहद के बाद अंतरराज्यीय बस टर्मिनल भाठागांव से शुरू हो गया जिससे शहर की यातायात व्यवस्था को काफी हद तक राहत मिलेगी। लेकिन बसें अब पंडरी से सीधे भाठागांव जाने की जगह उस से संबधित इलाके रिंग रोड में यदा कदा खड़े कर दी गई है जिससे इस क्षेत्र में रहने वाले लोगों की मुसीबतें बढ़ गई है। मैत्री नगर -सुंदरनगर इलाके में एचपी पेट्रोल पंप के आजू बाजू कई सारी बसे खड़ी हैं। वैसे भी अंडर ब्रिज के चलते यहां यातायात का काफी दबाव रहता है अब और ज्यादा जाम लगने लगा है। बसें यहां क्यों खड़ी की गई है कोई भी बताने वाला नहीं हैं। रिंग रोड में दोनों छोर पर कई जगहों पर बसें आज खड़ी हुई नजर आ रही थी। यह भी बताया जा रहा है कि जिन यात्रियों को बस में सफर करना है, उन्हें बस स्टैंड आने की जरूरत नहीं है। रिंग रोड पर बनाए गए पाइंट पर सभी यात्री बसे रूकेंगी।
माना तो ये जा रहा है कि शहर के अंदर लोगों को यातायात जाम से काफी हद तक निजात भी मिल गई। 50 करोड़ की लागत से राजधानी मे बने अंतरराज्यीय बस टर्मिनल में सोमवार से बसों का संचालन शुरू हो गया। पहले दिन यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े इसलिए कलेक्टर सौरभ कुमार ने नवनिर्मित भाटागांव बस टर्मिनल में जाकर स्वंय जायजा लिया। इस दौरान मौजूद क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी शैलाभ साहू ने बताया कि सुबह से ही बस स्टैंड में बसों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। रिंग रोड पर पुलिस का पॉइंट भी लगा हुआ है। इसके साथ पंडरी स्थित बस स्टैंड को रायपुर कलेक्टर ने नो एंट्री जोन घोषित किया है, कोई भी सवारी गाड़ी यदि शहर के अंदर जाती है तो उस पर चालानी कार्रवाई भी की जायेगी।
