लुधियाना: म्युनिसिपल कर्मचारी दल ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंका, निगम मुख्यालय के बाहर लगाया धरना
लुधियाना
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने हाल ही में सूबे के 36 हजार कर्मचारियों को पक्का करने की घोषणा की। लेकिन इसमें नगर निगम, नगर कौंसिल व बोर्डों में काम करने वाले कर्मचारियों को शामिल नहीं किया जा रहा है। लुधियाना में नगर निगम कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कर्मचारियों के एक संगठन ने कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु के जरिए अपनी आपत्ति स्थानीय निकाय मंत्री व मुख्यमंत्री तक पहुंचा दी। वहीं दूसरे संगठन ने नगर निगम मुख्यालय के बाहर धरना देना शुरू कर दिया। सोमवार को म्युनिसिपल कर्मचारी दल ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों को अकाली दल का भी साथ मिलने लगा है। सरकार के खिलाफ लगाए धरने में अकाली दल के जिला प्रधान हरभजन सिंह, यूथ अकाली दल के मुख्य प्रवक्ता गुरदीप गोशा भी शामिल हुए। कर्मचारी दल के प्रधान चौधरी यशपाल ने कहा कि पंजाब सरकार ने डीसी रेट पर काम कर रहे सफाई कर्मचारियों, सीवरमैनों, ड्राइवरों व बेलदारों को पक्का करने का एलान किया था। लेकिन सरकार ने उन्हें पक्का करने की प्रक्रिया शुरू नहीं की।
अब सरकार ने 36 हजार कर्मचारियों को पक्का करने की घोषणा की है उसमें इन कर्मचारियों को बाहर रखा गया है। उन्होने कहा कि यूनियन सरकार के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगी। अकाली नेता विजय दानव ने कहा कि मंगलवार को नगर निगम के सामने स्थानीय निकाय मंत्री का पुतला फूंका जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हित में यह संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
