सिवान में शहाबुद्दीन की बेटी हेरा शहाब की शादी आज, शामिल होंगे मुख्यमंत्री नीतीश
सिवान
सिवान में सोमवार को मो. शहाबुद्दीन की बेटी हेरा शहाब शाही अंदाज में शादी होगी. साथ ही उनके बेटे ओसामा शहाब का रिसेप्शन (वलीमा) भी होगा. इसको लेकर घर के बाहर और भीतर चहल पहल बनी हुई है. बाहुबली फिल्म की सेट की तरह पूरा पंडाल सज-धजकर तैयार हो चुका है. तैयारी देख कर हर किसी की नजरें ठहर जाएंगी.
इधर, आरजेडी अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष मो. खालिद ने बताया कि शहाबुद्दीन साहब की बेटी की शादी में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह, अल्पसंख्यक समाज के मंत्री जमा खान सहित कई मंत्री आ रहे हैं. इसके साथ ही नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, उनके बड़े भाई तेजप्रताप यादव के साथ बिहार भर के आरजेडी के कई विधायक इस शाही शादी में शामिल होंगे. अतिथियों के स्वागत के लिए जोरदार तैयारी की गई है.
शादी में आने वाले लोगों को खाना खिलाने के लिए 500 चूल्हे तैयार किए गए हैं. इन्हीं चूल्हों पर मांसाहारी और शाकाहारी खाना बनेगा. बंगाल, उत्तर प्रदेश के लखनऊ व बाहर के कई जगहों से कुक को बुलाया गया है, जो कि तरह-तरह के व्यंजन बनाएंगे.
मोतिहारी के रानिकोठी राजघराना कहे जाने वाले मो. इफ्तेखार के बेटे मो. शादमान की बारात जब सिवान में प्रवेश करेगी तो वहां पर उनपर फूलों की वर्षा की जायेगी. इसकी जिम्मेवारी बड़हरिया के तेतहली में पूर्व विधान सभा प्रत्याशी मो. मोबिन व उनकी टीम को दी गई है. इसके साथ ही आतिशबाजी कर बारातियों का जमकर स्वागत किया जाएगा. इस बारात में सैंकड़ों घोड़े और हाथी में शामिल होंगे. बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 2 बजे तक बारात प्रतापपुर गांव पहुंचेगी. वहीं आज 12 बजे दिन से ही लोगों को खाना खिलाने का कार्यक्रम शुरू कर दिया जाएगा.
