केन्द्रीय वित्त मंत्री 15 नवम्बर को राज्यों से चर्चा करेंगी

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय वित्त मंत्री सुनिर्मला सीतारमण के साथ वर्चुअल बैठक में आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देंगे। इसके साथ ही प्रदेश में वित्तीय संसाधन, नए निवेश में हुई वृद्धि और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने की दिशा में किए गए कार्यों की जानकारी भी भारत सरकार को दी जाएगी।

यह बैठक सोमवार 15 नवंबर को दोपहर 3 बजे से होगी। केन्द्रीय वित्त मंत्री राज्यों के मुख्यमंत्रियों और वित्त मंत्रियों के साथ बैठक में निवेश, अधो-संरचना, आर्थिक वृद्धि आदि के संबंध में चर्चा करेंगी। बैठक में मध्यप्रदेश में “वन नेशन वन कार्ड”, ईज ऑफ डूईंग बिजनेस, ऑनलाइन सेवाओं, भूमि सुधारों, उद्योगों को भूमि और जल आवंटन के लिए आसान बनाई गई प्रक्रिया, स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन और प्रदेश में अन्य वित्तीय योजनाओं की निरंतर समीक्षा का विवरण भी दिया जाएगा। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा भी बैठक में उपस्थित रहेंगे।

मुख्यमंत्री चौहान ने आज वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, प्रमुख सचिव वित्त मनोज गोविल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी के साथ भारत सरकार से की जाने वाली चर्चा और बैठक के संबंध में मंत्रणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *