मुख्यमंत्री चौहान का स्वागत करेंगे अमेरिका के फ्रेंड्स ऑफ एमपी
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बुधवार को निवास पर फ्रेंड्स ऑफ एमपी समूह, यूएसए की तरफ से जितेंद्र मुछाल ने सौजन्य भेंट की और दीप पर्व की बधाई दी। मुख्यमंत्री चौहान ने भी मुछाल और फ्रेंड्स ऑफ एमपी के सदस्यों को दीप पर्व की बधाई दी।
मुख्यमंत्री चौहान ने निवेश की दृष्टि से फ्रेंड्स ऑफ एमपी द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। मुछाल ने मुख्यमंत्री चौहान को अमेरिका आने का आमंत्रण भी दिया।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आने वाले वर्ष में वे अमेरिका जरूर आएंगे। बीता एक-डेढ़ वर्ष कोविड से निपटने में खर्च हुआ है। आम लोगों के जीवन की रक्षा सबसे बड़ी जिम्मेदारी थी। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री का पद संभालते ही कोविड की प्रथम लहर और इस वर्ष आई दूसरी लहर का सामना जन-सहयोग से किया गया।
मुछाल ने मुख्यमंत्री चौहान को बताया कि फ्रेंड्स ऑफ मध्यप्रदेश के सदस्यों का मध्यप्रदेश के प्रति विशेष लगाव है। मुछाल ने बताया कि फ्रेंड्स ऑफ एम पी के सदस्य मप्र के हित के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। मुछाल ने बताया कि न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी के अलावा पाँच अन्य चेप्टर भी कार्य कर रहे हैं। इस तरह फ्रेंडस ऑफ एमपी के सात चेप्टर इस समय सक्रिय हैं और सभी मध्य प्रदेश के साथ अपने संबंधों को महत्व देते हैं।
