हसन अली पर फोड़ा बाबर आजम ने सेमीफाइनल में मिली हार का ठीकरा, कहा- वो कैच था मैच का टर्निंग पॉइंट
नई दिल्ली
टी-20 विश्व कप 2021 में पाकिस्तान का सफर खत्म हो चुका है। गुरुवार रात दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में टीम को ऑस्ट्रेलिया के हाथों 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। मैथ्यू वेड और मार्कस स्टोयनिस के बीच हुई 81 रनों की साझेदारी ने पाकिस्तान का दूसरी बार टी-20 चैंपियन बनने का सपना तोड़ दिया। 19वें ओवर में हसन अली द्वारा टपकाया गया मैथ्यू वेड का कैच पाकिस्तान को काफी भारी पड़ा। इस कैच के अगली तीन गेंदों पर वेड ने लगातार तीन छक्के जड़कर कंगारू टीम को फाइनल का टिकट दिला दिया। हार के बाद कप्तान बाबर आजम का गुस्सा भी हसन अली पर फूटा और उन्होंने उस कैच को मैच का टर्निंग पॉइंट भी बताया।
मैच के बाद बाबर आजम ने कहा, 'सब कुछ हमारी रणनीति के अनुसार चल रहा था। हमारा स्कोर भी अच्छा था लेकिन हमारी गेंदबाज़ी उतनी सटीक नहीं थी। अगर आप ऐसे मौकों पर कैच छोड़ेंगे तो मैच आपके हाथ से निकल जाएगा। यह मैच का टर्निंग प्वाइंट भी था।' पाकिस्तानी कप्तान ने हालांकि पूरे टूर्नामेंट में अपनी टीम के प्रदर्शन की प्रशंसा की और उम्मीद जताई कि खिलाड़ी आगे और बेहतर खेल दिखाएंगे। उन्होंने कहा, 'हमने जिस तरीके से पूरे टूर्नामेंट खेल दिखाया वह शानदार था। हम आने वाले दिनों में टीम से और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं। हर खिलाड़ी ने अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभाई।'
दरअसल, 19वे ओवर की शाहीन अफरीदी द्वारा फेंकी गई तीसरी गेंद पर वेड ने लेग साइड की तरफ हवा में शॉट खेला और गेंद सीधा हसन अली के हाथों में गई, लेकिन पाकिस्तान का यह तेज गेंदबाज इस कैच को पकड़कर नहीं रख सका और गेंद उनके हाथों से छिटक गई। असल मायनों में हसन अली ने कैच नहीं, बल्कि पाकिस्तान की हार और ऑस्ट्रेलिया की जीत पर मुहर लगाने का काम किया। हसन अली गेंदबाजी में भी कुछ खास कमाल नहीं कर सके और उन्होंने अपने चार ओवर में बिना कोई विकेट चटकाए 44 रन लुटाए। पारी के 18वें ओवर में इस फास्ट बॉलर ने 15 रन देकर स्टोयनिस और वेड को वो मोमेंटम दिया जिसका असर अगले ओवर में साफतौर पर दिखा।
