कोविड टीकाकरण महाअभियान-5 की सभी तैयारियाँ पूर्ण

भोपाल

कोविड टीकाकरण महाअभियान-5 की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। बुधवार 10 नवम्बर को होने वाले कोविड टीकाकरण महाअभियान में 23 लाख कोविड टीका लगाने का लक्ष्य तय किया गया है।

शत-प्रतिशत कोविड टीकाकरण के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पुन: शुरू किये गए महाअभियान में इन लोगों की सूची प्रमुखता से तैयार की गई है, जिन्होंने अभी तक कोरोना वैक्सीन की एक भी डोज नहीं लगवाई। साथ ही ऐसे व्यक्ति, जिन्होंने पहली डोज के बाद दूसरी डोज नहीं लगवाई है। ऐसे सभी पात्र व्यक्तियों को कोविड-19 वैक्सीन लगाई जाएगी।

प्रदेश में पिछले 4 कोविड टीकाकरण महाअभियान की तरह महाअभियान-5 में भी जन-प्रतिनिधियों, समाज के सभी वर्गों के संगठनों के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं से टीकाकरण के लिये नागरिकों को प्रेरित करने का आग्रह किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के साथ महिला-बाल विकास, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, राजस्व, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को टीकाकरण से शेष रहे व्यक्तियों का टीकाकरण करवाने का दायित्व सौंपा गया है।

सभी जिलों के कलेक्टर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को टीकाकरण महाअभियान-5 के संबंध में जारी निर्देशों के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिये कहा गया है। टीकाकरण महाअभियान की श्रंखला में 17, 24 नवम्बर और एक दिसम्बर को भी महाअभियान चलेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *