दिल्ली एम्स परिसर के पास आधी रात को हुई मुठभेड़, नाबालिग समेत 3 गिरफ्तार

नई दिल्ली
दिल्ली में एम्स परिसर के पास किदवई नगर इलाके में सोमवार को आधी रात के करीब पुलिस और तीन लोगों के बीच हुई गोलीबारी के बाद पुलिस ने एक किशोर समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इस घटना में किसी के मारे जाने की खबर नहीं है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस द्वारा एक व्यक्ति के पैर में गोली लगने के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि घायल व्यक्ति को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। बता दें कि यह गोलीबारी किदवई नगर के उस उच्च सुरक्षा वाले इलाके में हुई, जहां से एक वरिष्ठ मंत्री का घर महज कुछ किलोमीटर दूर है। डीसीपी (दक्षिणी दिल्ली) बनिता मैरी जैकर ने इस घटना के बारे में बताते हुए कहा कि आधी रात के करीब कोटला मुबारकपुर थाने के पुलिसकर्मी किदवई नगर इलाके में गश्त कर रहे थे, तब उन्होंने मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध लोगों को देखा। पुलिस टीम ने उन्हें बाइक रोकने का इशारा किया, लेकिन उन बाइक सवारों स्पीड बढ़ाकर वहां से भागने की कोशिश की।

पुलिस ने उनका पीछा किया। जब वो किदवई नगर ईस्ट में ऑफिस ब्लॉक के पास थे, तो पीछे बैठे बाइक सवार ने एक बंदूक निकाली और पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद आत्मरक्षा में कॉन्स्टेबल कुलदीप ने भी गोली चलाई, जिससे पीछे बैठे युवक के दाहिने पैर में चोट लग गई। इसके बाद तीनों को सफलतापूर्वक काबू कर लिया गया। इस गोलीबारी में कोई पुलिस कर्मी घायल नहीं हुआ। पुलिस ने घायल बाइक सवार की पहचान अभि सौरव और एक अन्य व्यक्ति की पहचान गुरुदेव सिंह के रूप में की है। तीसरा व्यक्ति किशोर था और पुलिस ने उस व्यक्ति के नाम का खुलासा नहीं किया। पुलिस ने सौरव के पास से एक देशी पिस्टल बरामद की है। जैकर ने कहा कि पुलिस ने उनके खिलाफ केएम पुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया है और जांच की जा रही है कि क्या इन तीनों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड था। 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *