12 दिनों के अंदर तीसरी बार छठ घाटों का सीएम नीतीश ने किया निरीक्षण

पटना 
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा गंगा घाटों पर छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे। खतरनाक एवं दलदल घाटों पर लोगों के आवागमन पर पूर्ण पाबंदी होगी। इन्हें सुनिश्चित कराने का निर्देश उन्होंने पदाधिकारियों को दिया है। छठ घाटों तक जाने में कोई दिक्कत न हो, इसकी भी पूरी व्यवस्था रखने का निर्देश दिया है।  मुख्यमंत्री ने सोमवार को 12 दिनों के अंदर तीसरी बार गंगा के छठ घाटों का निरीक्षण किया और पदाधिकारियों को कई निर्देश दिये। यह भी निर्देश दिया कि गंगा घाटों पर वॉच टावर से सतत निगरानी रखी जाए। गंगा के जलस्तर को देखते हुए घाटों की घेराबंदी सुनिश्चित करें। छठ व्रतियों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिये घाटों पर पर्याप्त संख्या में नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था रखें।  निरीक्षण के बाद सीएम नीतीश ने पत्रकारों से कहा कि जिन जगहों पर घाट बना है, वहां छठव्रतियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए पूरी तैयारी की गयी है। आज छठ घाटों की तैयारियों को देखकर संतोष हुआ है। छठ घाटों के निर्माण में जुटे लोगों ने काफी मेहनत किया है। शेष जो भी कुछ काम बचा है, उसे तत्काल पूरा कर लिया जायेगा। खतरनाक घाटों की घेराबंदी की गयी है। एहतियात के तौर पर जो भी किया जाना था, वो सब किया गया है। 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *