इंदौर में करीब नौ लाख लोग बाकी है जिन्हें अभी दूसरी डोज काटिका लगना बाकी हैं
इंदौर
कोरोना का संक्रमण अभी तक पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। अब भी शहर में हर दिन दो से तीन नए मरीज मिल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग का पूरा जोर है कि जिन लोगों को दूसरी डोज नहीं लगी है उन्हें टीके लगाए जाए। इंदौर में करीब ऐसे नौ लाख लोग बाकी है जिन्हें टीके लगना बाकी हैं। ऐसे में अब स्वास्थ्य विभाग के साथ अब शहर के अन्य विभाग भी मिलकर दूसरी डोज के लिए बाकी लोगों को अभियान चलाकर टीके लगवाएंगे।
जिला टीकाकरण नोडल अधिकारी डा. तरुण गुप्ता के मुताबिक जिला प्रशासन व अन्य विभागों के साथ मिलकर जल्द ही शहर में टीकाकरण महाअभियान की तर्ज पर दूसरी डोज के लिए भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। दूसरी डोज के लिए बाकी लोगों की सूची तैयार कर ली गई है। उन्हें फोन कर व घर-घर जाकर टीका लगवाने की गुजारिश की जाएगी। अभी त्योहार के कारण लोग टीके लगवाने से बच रहे थे लेकिन अब त्योहार खत्म होने के बाद यह उम्मीद जताई जा रही है कि ज्यादा से ज्यादा लोग टीके लगाने के लिए केंद्रों पर पहुंचेगे। शुक्रवार को जिले में 100 से अधिक टीकाकरण केंद्रों पर टीके लगाए गए।
चिकित्सक मरीजों से पूछेंगे कि दूसरी डोज लगवाई या नहीं
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन इंदौर शाखा के चिकित्सकों द्वारा आम लोगों से अपील की जा रही है कि कोविड प्रोटोकाल का पालन करे। मास्क पहने व शारीरिक दूरी का भी पालन करे। आइएमए इंदौर के अध्यक्ष डा. सुमित शुक्ला ने बताया कि हम अपने एसोसिएशन के माध्यम से चिकित्सकों से अपील कर रहे है कि उनके पास जो भी मरीज उपचार के लिए पहुंचे, वह उनसे पूछे कि उन्होंने दूसरी डोज लगवाई या नहीं। उन्हें दूसरी डोज लगवाने के लिए प्रोत्साहित करें। इसी तरह शहर के सामाजिक संगठनों को भी आगे आकर लोगों को दूसरी डोज लगवाने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
