एक बार फिर दिल्ली में बढ़ने लगे कंटेनमेंट जोन
नई दिल्ली
देश की राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ महीनों से घट रही कंटेनमेंट जोन की संख्या के बीच एक बार फिर से कंटेनमेंट जोन बढ़ने लगे हैं। पिछले कुछ दिनों से कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में हल्का सा इजाफा होने के बाद दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या 86 से बढ़कर 109 हो गई है, यानी चार दिन में 23 कंटेनमेंट जोन बढ़ गए हैं। हालांकि दिल्ली सरकार ने कहा कि कंटेनमेंट जोन बढ़ना तीसरी लहर का संकेत हो यह जरूर नहीं है, मगर कोरोना नियमों का पालन करने की अधिक जरूरत है। आंकड़ों की बात करें तो दिल्ली स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में एक नवंबर को कंटेनमेंट जोन की संख्या 86 पर आ गई थी।मगर दो नवंबर को यह संख्या बढ़कर 98 हो गई थी, तीन नवंबर को कंटेनमेंट जोन 100 थी।चार नवंबर को जारी हुई रिपोर्ट में कंटेनमेंट जोन की संख्या 109 दिखाई गई है।
दिल्ली सरकार से जुड़े सूत्रों का कहना है कि दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के स्पष्ट आदेश हैं कि कोरोना संक्रमण के मामले में कंटेनमेंट जोन बनाने को लेकर किसी तरह की ढील नहीं दी जाए।अगर कहीं से भी कोरोना के मामले आते हैं तो उसे गंभीरता से लिया जाए, उसे देखते हुए ही काम किया जा रहा है। बता दें कि पिछले साल दीवाली के आसपास कोरोना के मामले बहुत बढ़ गए थे।इसे देखते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल चिंता व्यक्त कर चुके हैं। जिसे देखते हुए मुख्यमंत्री लोगों से कोरोना बचाव के नियमों का पालन करने की लगातार अपील कर रहे हैं। मगर फिर भी लोग नियमों का पालन नहीं करते दिख जा रहे हैं। यहां तक कि कई लोग मास्क तक नहीं लगा रहे हैं।जबकि दिल्ली में बगैर मास्क वालों का दो हजार का चालान काटने का प्रावधान है ।इससे पहले सितंबर से लेकर अक्टूबर अंत तक 92 से लेकर 105 के आसपास कंटेनमेंट जोन रहे हैं।
