यूपी की सड़कों पर 30 हजार गाड़‍ियां दौड़ रहीं बिना टैक्‍स, नोटिस भेजने की तैयारी में परिवहन विभाग

वाराणसी
सड़कों पर बिना टैक्स जमा किए वाहन धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। इन पर लगभग 22 करोड़ से अधिक का राजस्व बकाया है। वाहन संचालकों से परिवहन विभाग टैक्स वसूलने में फेल साबित हो रहा है। सभी वाहन मालिकों को नोटिस भेजी जा रही है। पूर्वांचल के चार मंडलों में सबसे अधिक टैक्स सात करोड़ रुपये आजमगढ़ मंडल में बकाया है। दूसरे नंबर पर बनारस मंडल है। यहां छह करोड़ बकाया है। तीसरे पर गोरखपुर और चौथे नंबर पर मिर्जापुर मंडल है। यहां क्रमश: पांच और चार करोड़ का टैक्स जमा ही नहीं हुआ है। लॉकडाउन समाप्त होने के बाद कुछ वाहन स्वामियों ने टैक्स नहीं भरा तो विभाग ने अभियान चलाया लेकिन वह भी नाकाफी साबित हुआ।

 
गोरखपुर मंडल में 30 हजार वाहनों पर टैक्स बकाया

गोरखपुर मंडल मे चार जिले आते हैं। इसमें गोरखपुर 17124, महाराजगंज 2852, देवरिया 6950 और कुशीनगर में 2587 वाहन बिना रोड टैक्स जमा किए सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं।

 
वाराणसी मंडल में सात करोड़ का टैक्स जमा नहीं

वाराणसी मंडल में 14822 वाहनों पर सात करोड़ का टैक्स बकाया है। वाराणसी में 8065, चंदौली में 2627, जौनपुर में 1926 और गाजीपुर में 2204 वाहनों पर टैक्स नहीं जमा किया है।

 
कामर्शियल वाहनों पर अधिक बकाया

कामर्शियल वाहनों पर सबसे अधिक टैक्स बकाया है। 70 हजार में लगभग 50 हजार माल ढोने वाले वाहन हैं। इसमें कई ऐसे हैं, जिन्होंने तीन से चार साल से टैक्स नहीं भरा है। इनको नोटिस भेजी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *