आज बंद रहेगा शेयर बाजार, दिवाली के दिन मुहूर्त ट्रेडिंग में संवत 2078 की हुई अच्छी शुरुआत

मुंबई
आज  'दिवाली बालीप्रतिपदा' के मौके पर बीएसई और एनएसई बंद रहेंगे। गुरुवार को हिंदू संवत वर्ष 2078 की शुरुआत के मौके पर निवेशकों ने विशेष मुहूर्त कारोबारी सत्र के दौरान ताजा सौदों की लिवाली की, जिससे बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स सूचकांक पर्याप्त लाभ के साथ बंद हुआ।  बीएसई के 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक में पिछले दो सत्रों से जारी गिरावट का रुख पलट गया और यह 295.70 अंक या 0.49 प्रतिशत की तेजी दर्शाता 60,067.62 पर बंद हुआ। पिछले संवत 2077 में बीएसई सेंसेक्स में 16,133.94 अंक या 36.97 प्रतिशत की तेजी हुई, जबकि निफ्टी 5,048.95 अंक या 39.50 प्रतिशत मजबूत होकर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी सूचकांक 87.60 अंक बढ़कर 17,916.80 पर बंद हुआ।

इस विशेष मुहूर्त कारोबार के दौरान प्रमुख रूप से लाभ में रहने वाले शेयरों में एमएंडएम, आईटीसी, बजाज ऑटो, एलएंडटी, कोटक बैंक, सन फार्मा और नेस्ले इंडिया शामिल थे, जिनके शेयरों में 2.87 प्रतिशत तक की तेजी आई। इसके विपरीत, आईसीआईसीआई बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स और डॉ रेड्डीज के शेयरों में 0.43 प्रतिशत तक की गिरावट आई।

बाजार सूत्रों ने कहा कि संवत 2078 के पहले सत्र में निवेशकों ने अपने नये खातों को खोला, जिससे खरीदारी की गतिविधियों में तेजी आई। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती से त्योहार की खुशी और बढ़ गई है। फेडरल रिजर्व द्वारा नवंबर से प्रति माह 15 अरब डॉलर की परिसंपत्ति खरीद में कटौती करने की घोषणा के बाद भी वैश्विक शेयर बाजारों में तेजी देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *