खेल रत्न मिलेगा मनप्रीत को भी , खेल मंत्रालय ने 35 अर्जुन पुरस्कार विजेताओं को मंजूरी दी
नई दिल्ली
ओलंपिक कांस्य पदक विजेता भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह को मंगलवार को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार विजेताओं की लिस्ट में शामिल किया गया, जिससे देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार के इस साल के विजेताओं की संख्या 12 पहुंच गई है। पुरस्कार समारोह 13 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में आयोजित किया जाएगा। मनप्रीत के नाम की सिफारिश पहले अर्जुन पुरस्कार के लिए की गई थी, लेकिन अब वह खेल रत्न पाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में अनुभवी गोलकीपर पी आर श्रीजेश के साथ दूसरे हॉकी खिलाड़ी के रूप में शामिल हो गए हैं। खेल रत्न पाने वाले अन्य खिलाड़ियों में ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा और ओलंपिक रजत पदक विजेता पहलवान रवि दहिया शामिल है। महिला क्रिकेटर मिताली राज को भी खेल रत्न पुरस्कार के लिये चुना गया है। अर्जुन पुरस्कार विजेताओं में अधिकतर पैरालंपिक खेलों में रजत पदक विजेता हैं। इनमें क्रिकेटर शिखर धवन भी शामिल हैं। खेल मंत्रालय के अनुसार, 'भारत के राष्ट्रपति पुरस्कार विजेताओं को 13 नवंबर, 2021 (शनिवार) को दोपहर बाद चार बजकर 30 मिनट से राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में विशेष रूप से आयोजित समारोह में पुरस्कार प्रदान करेंगे।' यह समारोह पिछले साल कोविड-19 महामारी के कारण ऑनलाइन आयोजित किया गया था।
