अश्लील फोटो वॉयरल करने की धमकी दे मांगे 5 लाख
भोपाल। पिपलानी इलाके में फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर उस पर अश्लील फोटो वॉयरल करने की धमकी देकर शातिर जालसाज महिला से पांच लाख रुपए की अड़ी डाल रहा था। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। सब इंस्पेक्टर कविता उईके के मुताबिक आनंद नगर में रहने वाली 21 वर्षीय महिला गृहणी है। जबकि उसका पति प्रायवेट जॉब करता है। 10 मार्च को महिला के पास एक व्यक्ति ने फोन लगाते हुए कहा कि उसकी फेसबुक पर आईडी बनी हुई है। जिस पर वह महिला के कुछ आपत्तिजनक फोटो अपलोड करने जा रहा है। ऐसा नहीं करने पर वह पांच लाख रुपए की डिमांड करने लगा। करीब छह महीने तक वह लगातार महिला को फोन कर प्रताड़ित करता रहा। उसकी करतूतों से तंग आकर महिला ने पूरी बात अपने पति को बता दी और सायबर सेल में शिकायत कर दी।
सायबर सेल के प्रतिवेदन पर क्राइम ब्रांच ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। बताया जाता है कि आरोपी युवक महिला का परिचित है। हालांकि पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस का कहना है जल्द ही आरोपी युवक को पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
