करोंद अनाज मंडी आज से चार दिन तक बंद रहेगी
भोपाल। राजधानी की सबसे बड़ी करोंद अनाज मंडी 2 नवंबर से 4 दिन के लिए बंद रहेगी। 6 नवंबर को मुहूर्त के सौदे होंगे। तब व्यापारी अनाज की खरीदी करेंगे। अभी मंडी में 5 हजार क्विंटल तक अनाज बिकने आ रहा है। नए सोयाबीन की आवक भी हो रही है। इधर, थोक सब्जी मंडी खुली रहेगी। इससे शहर में सब्जी की सप्लाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा। दीपावली पर्व के चलते व्यापारी कारोबार बंद रखते हैं और दूज यानी दिवाली के तीसरे दिन मुहूर्त के सौदे करके अनाज खरीदी का 'श्रीगणेश' करते हैं। इस बार 6 नवंबर को मुहूर्त के सौदे होंगे। इसमें सबसे पहले जिस किसान के अनाज की नीलामी होगी, उसकी ज्यादा से ज्यादा बोली लगाई जाएगी। मंडी व्यापारी संघ के अध्यक्ष के अनुसार 6 नवंबर की सुबह 7 से 9.30 बजे तक मुहूर्त में कांटे-बांट की पूजा होगी। इसके बाद फिर 10 बजे से नीलामी शुरू करेंगे। दोपहर 12.30 से 1 बजे तक व्यापारियों का दिवाली मिलन समारोह आयोजित होगा।
