धनतेरस पर एमपी के मार्केट में बरसेगा 25 हजार करोड़ रु.
भोपाल। कोविड-19 महामारी का असर इस बार मार्केट में पिछले साल की तुलना में कम दिखाई दे रहा है और उम्मीद की जा रही है इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर समेत पूरे मध्य प्रदेश के बाजारों में धनतेरस पर 25 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का कारोबार रियल एस्टेट, ज्वैलरी, आॅटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं डेकोरेटिव सेक्टर में बरसने की संभावना है। कोरोना का प्रकोप ज्यादा होने के कारण वर्ष 2020 में धनतेरस पर प्रदेश में 5-7 हजार करोड़ रुपए का कारोबार हुआ था। यानि इस बार 5 गुना ज्यादा धन बाजारों में बरसने के आसार हैं। पिछले साल के मुकाबले इस बार गोल्ड सस्ता होने के कारण पूरे मध्यप्रदेश के सराफा बाजार में लगभग 100 करोड़ रुपए के आभूषणों की बिक्री होने की उम्मीद है। देशभर में पिछले साल करीब 95.6 टन सोने की बिक्री हुई थी जो इस साल 47% बढ़कर 139 टन पर पहुंच गई है। धन तेरस पर भोपाल के ज्वैलरी, रियल एस्टेट, आॅटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, गैजेट्स और डेकोरेटिव मार्केट में 100 करोड़ रु. से ज्यादा की खरीद फरोख्त होने की उम्मीद है।
