जनता के सुझाव पर सरकार बनाएगी रोमांचक ट्रेकिंग रूट
भोपाल
यदि आपको अपने शहर-गांव में आपको कोई ट्रेकिंग मार्ग पता है तो सरकार आपके सुझाव पर इसे भविष्य की परियोजनााओं और वेबसाईट में शमिल करेगी। साथ ही आपके बताए गए उत्कृष्ट ट्रेकिंग रूट पर पुरस्कृत भी करेगी। प्रदेश के सभी 52 जिलों में ऐसे तीन-तीन पुरस्कार दिए जाएंगे।
मध्यप्रदेश ईको पर्यटन विकास बोर्ड ने प्रदेश के सभी 52 जिलो में विभिन्न ट्रेकिंग मार्गो और वहां मौजूद प्रकृति के अद्वितीय और दिलचस्प तत्वों की पहचान करने के लिए एक प्रतियोगिता शुरू की है। इस प्रतियोगिता में हर जिले में तीन विजेताओं का चयन कर उन्हें पुरस्कार दिए जाएंगे। पहले पुरस्कार के रूप में चार हजार रुपए नगद, दूसरे पुरस्कार के रूप में तीन हजार रुपए नगद और तीसरे पुरस्कार के रुप में दो हजार रुपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके साथ ही विजेताओं को सर्टीफिकेट और सभी प्रतिभागियों को को इस प्रतियोगिता में भागीदारी का प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा। इस प्रतियोगिता में आमजन तीस नवंबर तक प्रविष्टि जमा कर सकते है। हर जिले में तीन उत्कृष्ट ट्रेकिंग रूट और उससे जुड़ी विविध जानकारियां बताने वाले नागरिकों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। ट्रेकिंग रूट की जानकारी गूगल फार्म पर भरके ईको टूरिज्म बोर्ड के लिंक पर भेजना होगा।
यह है उद्देश्य
इस प्रतियोगिता को आयोजित करने के पीछे सरकार का उद्देश्य है प्रदेश में प्राकृतिक सुंदरता वाले क्षेत्रों और मनोरंजक क्षेत्रों की जानकारियां और वहां के नये अनुभवों और दिलचस्प जानकारियों को अन्य नागरिकों के साथ साझा किया जाए। इसके लिए सभी नागरिकों से उनकी जानकारी वाले ट्रेकिंग रूट, वहां के दिलचस्प नजारों, प्राकृतिक सुंदरता वाले स्थलों की जानकारियां मांगी है।
