जेपी हॉस्पिटल में आज डायलिसिस का भी पैसा देना पड़ेगा
भोपाल
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में जनता के पैसों से जनता के लिए बनाए गए सरकारी जिला चिकित्सालय (जेपी हॉस्पिटल) में जनता से कर संग्रहित कर खरीदी गई डायलिसिस मशीन का जनता को पैसा देना पड़ेगा। आज से पहले तक फ्री थी।
जेपी हॉस्पिटल मैनेजमेंट ने डायलिसिस मशीन का संचालन प्राइवेट कंपनी को दे दिया है। प्राइवेट कंपनी सरकारी मशीन और संपत्ति का उपयोग करते हुए, सरकारी अस्पताल में इलाज कराने आए मरीजों से डायलिसिस की फीस वसूल करेगी। अब से पहले तक डायलिसिस यूनिट का संचालन जेपी हॉस्पिटल मैनेजमेंट करता था। स्वाभाविक रूप से यह सुविधा किडनी के मरीजों के लिए फ्री दी गई थी।
स्वास्थ्य और शिक्षा, सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है
दरअसल लोग सवाल नहीं करते, क्योंकि वह स्वयं को और जनता को अलग-अलग मानते हैं। अच्छी लाइफ स्टाइल और प्रोफेशनलिज्म की दौड़ में ज्यादातर लोग सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारियां तक भूल गए हैं। इसी बात का फायदा उठाया जा रहा है। मनमाना टैक्स वसूलने के बावजूद सरकार अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ रही है।
