मुख्यमंत्री चौहान ने नागरिकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दी

भोपाल 
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश की स्थापना दिवस एक नवम्बर के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ दी हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का हृदय प्रदेश है। प्रदेश ने विकास के नए आयामों को छुआ है। गत डेढ़ दशक में विकास में नागरिकों की भागीदारी भी सराहनीय रही है। आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के लिए भी समाज के सभी वर्ग योगदान देने के इच्छुक हैं। मध्यप्रदेश में जन-भागीदारी का मॉडल सफल हो रहा है। सुशासन और सूचना प्रौद्योगिकी के माध्यम से नागरिकों को अनेक सुविधाएँ और सेवाएँ प्राप्त हो रही हैं। अन्य प्रांत भी इसका अनुसरण कर रहे हैं। इस वर्ष कोरोना नियंत्रण के बाद भी सावधानियों की आवश्यकता है। स्थापना दिवस के कार्यक्रमों में भी कोविड प्रोटोकॉल का पालन आवश्यक है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि यह स्वतंत्रता का अमृत महोत्सव वर्ष भी है। एक नवम्बर 1956 को प्रदेश का गठन हुआ था। आज प्रदेश का 66वां स्थापना दिवस है। मुख्यमंत्री चौहान ने नागरिकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में मध्यप्रदेश प्रगति के नए-नए उदाहरण प्रस्तुत करेगा।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *