ज्वैलर्स की दुकान पर खरीददारी करने आई महिलाएं सोने के कंगन लेकर भाग गई
भोपाल
बैरागढ़ इलाके में स्थित सराफा बाजार में जेवरात खरीदने ज्वैलर्स की दुकान पर आई तीन महिलाएं सोने के कंगन लेकर भाग गई। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सराफा कारोबारी धर्मेन्द्र चांदवानी की बैरागढ़ सराफा मार्केट में सांई आशीर्वाद ज्वैलर्स नाम से दुकान है। उनकी दुकान में चार कर्मचारी हैं जो कि ग्राहकों को जेवर दिखाने का काम करते हैं। कल शाम करीब साढ़े 6 बजे तीन महिलाएं जेवर खरीदने के उनकी ज्वैलसी शॉप पर पहुंची थीं। तीनों ही महिलाएं मॉस्क लगाई हुई थीं। उन्होंने मिडिल क्लास फैमिली की महिलाओं के समान कपड़े पहने हुए थे। थोड़ी देर तक जेवर देखने के बाद तीनों महिलाएं दुकान से चली गईं। रात को जब धर्मेन्द्र चांदवानी ने गहनों को मिलान किया तो गिनती में सोने के दो कंगन कम मिले। उन्होंने तुरंत ही सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे तो उन्हें उक्त तीन में से एक महिला कंगन चोरी करते हुए दिखाई दी। घटना की सूचना तुरंत ही पुलिस को दे दी गई।
