छठी जेपीएससी मेरिट लिस्ट मामले पर सुनवाई आज
रांची
छठी जेपीएससी के मेरिट लिस्ट को निरस्त करने के एकल पीठ के आदेश के खिलाफ अपील पर बुधवार को हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। यह मामला चीफ जस्टिस डॉ रवि रंजन व जस्टिस एसएन प्रसाद की अदालत में सुनवाई के लिए सूचीबद्ध है। दरअसल, एकल पीठ ने इस मामले में जेपीएससी की ओर से जारी मेरिट लिस्ट को यह कहते हुए रद्द कर दिया था कि विज्ञापन की शर्तों के अनुसार पेपर वन (हिंदी व अंग्रेजी) के अंक को कुल प्राप्तांक में नहीं जोड़ा जाना था। क्योंकि पेपर वन में सिर्फ क्वालिफाइंग अंक लाना था। इसके बाद 326 चयनित अभ्यर्थियों की नौकरी खतरे में पड़ गई। इसके खिलाफ शिशिर तिग्गा सहित सौ से अधिक अपील याचिका दाखिल की गई है।
याचिका में कहा गया है कि जेपीएससी की ओर से जारी मेरिट लिस्ट में कोई गड़बड़ी नहीं है। विज्ञापन की शर्तों के अनुरूप ही जेपीएससी ने पेपर-वन के अंक को कुल प्राप्तांक में जोड़कर मेरिट लिस्ट जारी किया है। हालांकि पूर्व में सुनवाई के दौरान खंडपीठ ने यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया है।
