पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगी आग फिर भड़की, दो दिन की शांति के बाद फिर बढ़े दाम
नई दिल्ली
दो दिनों की शांति के बाद आज फिर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगी आग भड़क गई है। आज यानी बुधवार को सरकारी तेल कंपनियों ने फिर दाम बढ़ा दिए। दिल्ली में इंडियन ऑयल के पंप पर पेट्रोल 35 पैसे प्रति लीटर महंगा हो कर अब 106.19 रुपये पर पहुंच गया है। अब डीजल भी 35 पैसे महंगा हो कर 94.92 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। वहीं, राजस्थान के श्रीगंगानगर में पेट्रोल 118.32 रुपये और डीजल 109.12 रुपये लीटर बिकरहा है।
इन 20 दिनों में पेट्रोल 5.00 रुपये महंगा हो चुका है, जबकि डीजल पेट्रोल के मुकाबले ज्यादा तेज हुआ है। बीते 20 दिनों में ही यह 6.30 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। बता दें इस समय कच्चे तेल की कीमतें 85 डॉलर के पार है। अमेरिकी बाजार में मंगलवार को ब्रेंट क्रूड जहां 0.75 डॉलर बढ़ कर 85.08 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ, वहीं डब्ल्यूटीआई क्रूड 0.52 डॉलर की तेजी के साथ 82.96 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
SMS के जरिए ऐसे जानें अपने शहर में पेट्रोल-डीजल के रेट
आप अपने शहर के पेट्रोल-डीजल के दाम रोजाना SMS के जरिए भी चेक कर सकते है। इंडियन ऑयल (IOC) के उपभोक्ता RSP<डीलर कोड> लिखकर 9224992249 नंबर पर व एचपीसीएल (HPCL) के उपभोक्ता HPPRICE <डीलर कोड> लिखकर 9222201122 नंबर पर भेज सकते हैं। बीपीसीएल (BPCL) उपभोक्ता RSP<डीलर कोड> लिखकर 9223112222 नंबर पर भेज सकते हैं।
