आतंकी हमलों से डरे गैर स्थानीय रोजी-रोटी छोड़ लौट रहे घर

पटना
जम्मू कश्मीर में गैर स्थानीय लोगों पर आतंकी हमलों के बीच कश्मीर घाटी में रह रहे प्रवासियों का पलायन तेज हो गया है. रविवार को कुलगाम जिले में बिहार के दो श्रमिकों की हत्या के बाद घाटी छोड़नेवाले प्रवासियों की संख्या तेजी से बढ़ी है. सोमवार को जब कश्मीर से टैक्सी व बसों का जम्मू पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ, तो उनमें प्रवासी ही सबसे ज्यादा थे. जम्मू स्टेशन पर प्रवासियों की भीड़ देखने को मिली. सभी घर जाने वाली ट्रेनों को पकड़ने का इंतजार कर रहे थे.

बिहार की श्रमशक्ति ने सभी राज्यों को अपनी मेहनत से संवारा है, संवार रहे हैं. इसके एवज में उन्हें सिर्फ इतने पैसे चाहिए, जितने में परिवार का भरण-पोषण कर सकें. पर बिना कसूर के उनकी हत्या हो रही है. उनके परिजन पूछ रहे हैं कि हमारे घरवाले तो मजदूर थे. वो भला किसी का क्या बिगाड़ सकते थे. फिर क्यों आतंकियों ने हमारे घर के चिराग को बुझा दिया.

हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सीएम जीतन राम मांझी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से आग्रह है कि वे कश्मीर को सुधारने की जिम्मेदारी हम बिहारियों पर छोड़ दें. बिहारी 15 दिनों में वहां के हालात सुधार देंगे. एक बिहार सब पर भारी होता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *