योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा है विद्युत अधोसंरचना विकास का कार्य : ऊर्जा मंत्री तोमर

भोपाल

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि विद्युत कंपनियों द्वारा वित्तीय वर्ष 2021-22 में रबी सीजन के दृष्टिगत योजनाबद्ध तरीके से अधोसंरचना के कार्यों को पूर्ण किया जा रहा है। इससे कृषि उपभोक्ताओं को और अधिक गुणवत्तापूर्ण विद्युत प्रदाय सुनिश्चित की जा सकेगी।

प्रदेश की ट्रांसमिशन कंपनी द्वारा इस वित्तीय वर्ष में सितंबर 2021 तक 9 नवीन अति उच्च दाब उपकेन्द्र, 8 अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफॉर्मर स्थापना एवं 11 ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि के कार्य पूर्ण किये गए हैं। इससे कुल ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता में 1766 एमव्हीए की वृद्धि हुई है। आगामी तीन माहों में 2 नवीन अति उच्च दाब उपकेंद्र, 20 अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफॉर्मर स्थापना एवं 4 ट्रांसफॉर्मर क्षमता वृद्धि के कार्य पूरे किए जाएंगे। इससे 1859 एमव्हीए की ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता में अतिरिक्त वृद्धि होगी।

तीनों वितरण कम्पनियों ने भी 11 नवीन 33/11 केव्ही उपकेंद्रों के कार्य पूर्ण किये हैं। इनमें से 7 पूर्व क्षेत्र और 2-2 मध्य तथा पश्चिम क्षेत्र में स्थित हैं।

इसके साथ ही 262 किमी 33 केव्ही लाइन और 314 किमी 11 केव्ही लाइन का निर्माण भी किया गया है। वर्तमान उपकेंद्रों में स्थापित पॉवर ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि और अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफॉर्मर स्थापना के कुल 39 कार्य पूरे किये गए हैं। इससे 97 एमव्हीए की क्षमता वृद्धि हुई है। वितरण ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि तथा अतिरिक्त वितरण ट्रांसफार्मर स्थापना के कुल 1773 कार्य किये गए हैं। इसके अतिरिक्त आगामी तीन माहों में 13 नवीन 33/11 केव्ही उपकेंद्र, 280 किमी 33 केव्ही एवं 409 किमी 11 केव्ही लाइन का निर्माण, 61 पॉवर ट्रांसफॉर्मर एवं 1110 वितरण ट्रांसफॉर्मर स्थापना के कार्य किये जायेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *