बैंक डकैती की योजना बनाते 5 गिरफ्तार
दुर्ग
ग्राम दादर शराब भट्टी के पास स्थित बैंक में रविवार की देर रात डकैती की योजना बना रहे एक नाबालिग सहित पांच युवकों को भिलाई -3 पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया। वहीं इनके पास से डकैती में इस्तेमाल करने के लिए रखे सामान को भी जप्त किया गया है। इन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर न्यायालय में पेश किया गया जहां से केन्द्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर संजय ध्रुव ने पुलिस नियंत्रण कक्ष में पत्रकारों के समक्ष आरोपियों को पेश करते हुए बताया कि 17 एवं 18 अक्टूबर की दरमियानी रात भिलाई -3 पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम दादर शराब भट्टी के पास पानी टंकी के नीचे 4-5 युवक किसी नजदीकी बैंक में डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम सक्रिय हुई और इलाके की घेरेबंदी की गई और नितिन उर्फ बंटी डेहरिया, रॉकी और ननका उर्फ अंशु सिंह उर्फ विवेक सिंह, अंकेश ब्राह्मणकर, दंतेश राव उर्फ ऋषि राव एवं एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया गया।
हिरासत में लेकर जब आरोपियों की तलाशी ली गई तो उनके पास से आधुनिक पिस्टल 7.65 एम.एम., जिन्दा कारतूस 9 नग, 2 खाली कारतूस, दो बटनदार चाकू, एक कटर, रस्सी, मिर्ची पावडर, पिस्टल लाईटर, ब्लैक स्प्रे, लोहे का सब्बल को जप्त किया गया। पूछताछ के बाद आरोपियों ने बताया कि चरोदा स्थित यूको बैंक में डकैती करने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 399 भादवि 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और आज सुबह न्यायिक रिमाण्ड में लेने के लिए न्यायालय में पेश किया जहां से आरोपियों को केन्द्रीय जेल दुर्ग भेजा गया है। पुलिस की सतर्कता से बड़ी वारदात टल गई।
