उपचुनाव: जोबट विधानसभा क्षेत्र में तहसील की पूरी पंचायतें नहीं
जोबट
प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव में कुछ रोचकता भी जुड़ी हुई है। जोबट तहसील की करीब डेढ़ दर्जन पंचायतों में चुनावी शोरगुल नहीं है। दरअसल ये पंचायतें जोबट विधानसभा क्षेत्र में नहीं आती, बल्कि जोबट जिस जिले में है उस जिले के किसी भी विधानसभा क्षेत्र में यह पंचायतें नहीं आती है। इसी तरह पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र भी दो जिलों में बंटा हुआ है।
जोबट तहसील की 17 पंचायत जोबट विधानसभा क्षेत्र में नहीं आती है। इन पंचायतों में करीब 29 हजार वोटर हैं। इन पंचायतों में करीब 40 गांव हैं। यह पंचायत जोबट तहसील और उदयगढ़ जनपद में आती है। खासबात यह है कि जोबट अलीराजपुर जिले में है, लेकिन ये पंचायतें अलीराजपुर जिले के किसी भी विधानसभा क्षेत्र में नहीं आती है। ये पंचायत झाबुआ विधानसभा क्षेत्र में लगती है। जोबट तहसील की ये सभी पंचायते चुनावी शोर-गुल से दूर हैं। हालांकि कई बार गलती और जनकारी नहीं होने से दोनों ही प्रमुख दलों के लोग चुनाव प्रचार के लिए इन गांवों में पहुंच जाते है, लेकिन ग्रामीणों से बात करने पर पता चलता है कि उनका गांव जोबट विधानसभा में नहीं है। वहीं पृथ्वीपुर विधानसभा सीट दो जिलों में आती है। निवाड़ी और टीकमगढ़ जिलों के क्षेत्रों में यह विधानसभा स्थिति है। इस विधानसभा क्षेत्र का आधा हिस्सा निवाड़ी जिले में आता है, जबकि आधा हिस्सा टीकमगढ़ जिले में आता है।
अलीराजपुर पहले झाबुआ जिले में आता था,लेकिन बाद में अलीराजपुर को अलग जिला बना दिया गया। इसी तरह निवाड़ी पहले टीकमगढ़ जिले का हिस्सा होता था, लेकिन अब निवाड़ी को अलग जिला बना दिया गया है। इसलिए इनके विधानसभा क्षेत्रों में पुराने जिलों का भी समावेश है।
