झारखंड के 23 लाख लोगों ने समय पर नहीं ली वैक्सीन की दूसरी डोज

रांची
झारखं में कोविड टीके की पहली डोज लेने के बाद दूसरी डोज नहीं लेने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। राज्य में करीब 23 लाख लोगों ने तय समय पर टीके की दूसरी डोज नहीं ली है। इसमें करीब 11 लाख वैसे हैं, जिन्होंने बीते 10 दिन में समय पूरा होने के बावजूद दूसरी डोज नहीं ली है। इस लापरवाही को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने गहन अभियान चलाकर टीकाकरण सुनिश्चित करने का निर्देश सभी डीसी को दिया है। इसके लिए सभी जिलों में माइक्रो प्लान बनाकर टीकाकरण के योग्य लोगों को चिन्हित कर उन्हें नजदीकी कोविड-19 सेंटर तक लाने का प्रयास करने का निर्देश दिया है। साथ ही टीका एक्सप्रेस मोबाइल वैन का प्रखंड स्तर तक कैंप के माध्यम से रूट चार्ट बनाकर सुदूर ग्रामीण क्षेत्र और पहाड़ी क्षेत्र में टीकाकरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है।

अपर मुख्य सचिव ने राज्य के उपायुक्तों को हर सप्ताह शुक्रवार, शनिवार एवं रविवार को विशेष टीकाकरण अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इसमें लोक उपक्रमों एवं निजी क्षेत्र के संस्थानों से भी सहयोग प्राप्त करने एवं टीकाकरण के क्रम में अधिक से अधिक लाभुकों का आधार तथा फेस ऑथेंटिकेशन से सत्यापित करने की हिदायत दी है। दूसरा टीका नहीं लेने में पलामू अव्वल :अपर मुख्य सचिव ने सभी उपायुक्तों को जिलावार दूसरा टीका नहीं लेनेवालों की सूची भी भेजी है। इसके अनुसार राज्य में 12.48 लाख लोगों ने पहली डोज लेने के 84 दिनों बाद भी दूसरी डोज नहीं ली है। इसमें पलामू में सर्वाधिक 105873 लोगों ने पहली डोज के 84 दिनों बाद भी दूसरी डोज नहीं ली है। इसके बाद गिरिडीह में 105457 लोगों का टीकाकरण बाकी है। इस मामले में राज्य में सबसे बेहतर स्थिति खूंटी की है। जहां महज 16521 लोगों का 84 दिनों बाद भी टीका नहीं लगा है। जबकि, रांची में 6 अक्टूबर तक 76811 लोगों ने पहला टीका लेने के 84 दिनों बाद भी दूसरी डोज नहीं ली है।

राज्य में 23.35 लाख लोगों ने नहीं ली दूसरी डोज
राज्य में रविवार तक 70,48,905 लोग दूसरी डोज लेने के योग्य थे। लेकिन रविवार तक उसमें से महज 47,13,553 लोगों ने ही दूसरी डोज ली है। यानी पहली डोज लेने के बाद दूसरी डोज का समय पूरा होने के बावजूद 23,35,352 लोगों ने दूसरी डोज नहीं ली है।

90 प्रतिशत कम हो गयी टीकाकरण की रफ्तार
राज्य में पिछले चार दिनों (13-16 अक्टूबर) में कुल 69,286 डोज टीका लगाया गया है। इसमें 30,294 को पहली डोज एवं 38,992 दुसरी डोज लगायी गयी है। जबकि, राज्य में एक दिन में 2.3 लाख डोज टीका लगाने का रिकार्ड है। यानी औसतन प्रतिदिन 1.5 लाख के हिसाब से भी देखी जाए तो राज्य में पिछले चार दिनों में हुए टीकाकरण के हिसाब से रफ्तार में लगभग 90 प्रतिशत की कमी आई है। अपर मुख्य सचिव ने सभी उपायुक्तों को टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाकर प्रतिदिन तीन लाख करने का निर्देश दिया है। इसके लिए जिलावार लक्ष्य निर्धारित करते हुए उसे प्राप्त करने की हिदायत दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *