CM योगी को पोस्टर में दिखाया रावण, प्रियंका गांधी को राम, हिंदू युवा वाहिनी ने दर्ज कराया केस
मऊ
यूपी में सीएम योगी और प्रियंका गांधी के वायरल पोस्टर ने बवाल खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल इस पोस्टर में सीएम योगी को रावण और प्रियंका गांधी को राम दिखाया गया है। पोस्टर वायरल होते ही हिन्दु युवा वाहिनी कांग्रेस पर हमलावर हो गई है। हियुवा के जिला संयोजक अजय सिंह ने कांग्रेस के पूर्व विधान सभा प्रत्याशी राजमंगल यादव के खिलाफ घोसी थाने में तहरीर दी है। हियुवा के जिला संयोजक की तहरीर पर रविवार को घोसी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की छानबीन में जुट गई है। हिन्दू युवा वाहिनी के जिला संयोजक अजय सिंह ने बताया कि विजय दशमी पर्व के अवसर पर कांग्रेसी नेता राजमंगल यादव द्वारा सोशल साइड पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक पोस्टर वायरल हुआ है। जिसमें सीएम योगी को रावण और प्रियंका गांधी को राम दिखाया गया। यह पोस्टर वायरल होने के बाद से बवाल मचा है। इसकी जानकारी होते ही हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। जिला संयोजक द्वारा घोसी कोतवाली में आरोपी कांग्रेसी नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दिया गया।
घोसी कोतवाली में दर्ज मुकदमे में घोसी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कांग्रेस नेता राजमंगल यादव पर मुख्यमंत्री का आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया गया है। बताते चलें कि हियुवा के जिला संयोजक अजय सिंह ने घोसी कोतवाली में शनिवार की शाम को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। घोसी कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर आईपीसी की धारा 505 धार्मिक भावना भड़काने एवं 67 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद राजनीतिक गलियारे का तापमान अचानक तेज हो गया है।
